तेलंगाना राइजिंग पर जनसंपर्क सम्मेलन 19 अप्रैल को
हैदराबाद, पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (पीआरएसआई), हैदराबाद चैप्टर द्वारा रविवार, 19 अप्रैल को बेगमपेट स्थित द प्लाज़ा में सुबह 9 से शाम 6 बजे तक चौथे तेलंगाना जनसंपर्क सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, तेलंगाना राइजिंग 2047 में संचार, नवाचार और सशक्तिकरण विषय पर आधारित सम्मेलन का उद्देश्य नीति निर्माताओं, प्रशासकों, शिक्षाविदों, संचार पेशेवरों, उद्योग जगत के नेताओं, छात्रों और जनसंपर्क (पीआर) विशेषज्ञों को एक मंच पर लाना है, ताकि वह वर्ष 2047 तक प्रगतिशील और विकसित तेलंगाना के निर्माण में रणनीतिक संचार की भूमिका पर विचार-विमर्श कर सकें।
उद्घाटन सत्र में तेलंगाना सरकार के सिंचाई, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी मुख्य अतिथि के रूप में, तेलंगाना मीडिया अकादमी के अध्यक्ष के. श्रीनिवास रेड्डी और सूचना एवं जनसंपर्क (आई एण्ड पीआर) विभाग की विशेष आयुक्त सी. प्रियंका विशिष्ट अतिथि के रूप में हिस्सा लेंगे। प्रो. के. नागेश्वर तेलंगाना की विकास गाथा : 2047 तक विकसित तेलंगाना के लिए संचार रणनीतियाँ विषय पर मुख्य भाषण देंगे। सम्मेलन में तीन विषयगत तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएँगे। इन सत्रों को वरिष्ठ नौकरशाह, शिक्षा, शासन, प्रौद्योगिकी, शहरी नियोजन, कृषि, पर्यटन और कॉर्पोरेट संचार क्षेत्रों के विशेषज्ञ संबोधित करेंगे।
केंद्र व राज्य विभागों के प्रतिनिधि करेंगे सहभागिता
समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में तेलंगाना विधान परिषद के सभापति गुत्ता सुखेंदर रेड्डी, विशिष्ट अतिथि के रूप में हैद्रा आयुक्त ए.वी. रंगनाथ और तेलंगाना सरकार के पूर्व मीडिया सलाहकार के.वी. रमणाचारी उपस्थित होंगे। सम्मेलन में पीआरएसआई के राष्ट्रीय नेताओं के साथ राज्य के लगभग 200 जनसंपर्क और संचार पेशेवर भाग लेंगे, जो केंद्र एवं राज्य सरकार के विभागों, विभिन्न संगठनों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू), संचार शिक्षकों, छात्रों आदि का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह भी पढ़ें… दोस्त के पहले चरण हेतु पंजीकरण प्रक्रिया आरंभ
उद्घाटन और समापन सत्रों के दौरान पीआरएसआई द्वारा विशिष्ट हस्तियों, पेशेवरों और संगठनों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मेलन निदेशक वाई. बाबजी ने बताया कि यह आयोजन एक ही मंच पर दूरदृष्टि, विचारों, नीतिगत संवाद और पेशेवर सम्मान का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा। कार्यक्रम स्थल पर प्रतिनिधियों के लिए ऑन-स्पॉट पंजीकरण सुबह 9 से 9.45 बजे तक खुला रहेगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





