राजस्थान : नाबालिग छात्रा से गैंगरेपपर सियासत तेज
जयपुर, राजस्थान के अलवर जिले के रैणी क्षेत्र में 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ दिनदहाड़े कथित गैंगरेप की घटना को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस वारदात ने एक बार फिर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस मामले को लेकर राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं सरकार की विफलता को उजागर करती हैं।
गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अलवर की घटना कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार इन्हें रोकने में असफल है। मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए गहलोत ने कहा कि आरोपी के मोबाइल फोन से कई बालिकाओं के अश्लील वीडियो मिलने की बात सामने आई है।
गहलोत के अनुसार, यह दर्शाता है कि आरोपी लंबे समय से इस तरह के अपराध कर रहा था और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। गहलोत ने कहा कि जब पुलिस अन्य घटनाओं पर समय पर और प्रभावी कार्रवाई नहीं करती, तो अपराधियों के हौसले बढ़ जाते हैं। उन्होंने इसे कानून-व्यवस्था और खुफिया तंत्र की बड़ी चूक करार दिया।
यह भी पढ़े : पश्चिम बंगाल चुनाव : ‘गंभीर कदाचार’ पर 5 पुलिस अधिकारी निलंबित
पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार से मांग की कि इस मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़िता को जल्द न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। इस घटना के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। विपक्ष लगातार भाजपा सरकार पर हमलावर है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहा है, जिससे राजनीतिक माहौल और भी गर्म हो गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





