मुंबई के खिलाफ आरसीबी बल्लेबाजों की होगी कड़ी परीक्षा

रायपुर, पिछले दो मैच में हार से वापसी के लिए बेताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को अगर अपना अभियान पटरी पर लाना है तो मुंबई इंडियंस के खिलाफ रविवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में उसके बल्लेबाजों को दमदार प्रदर्शन करना होगा।

आरसीबी ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी और अपने पहले चार मैच जीते थे। तब उसके लिए प्लेऑफ में प्रवेश महज एक औपचारिकता लग रहा था। लेकिन अब स्थिति बदल गई है। मौजूदा चैंपियन टीम अपने पिछले पांच मैचों में से तीन मैच हार गई है जिससे उसके समीकरण बिगड़ गए हैं। आरसीबी अभी 10 मैचों में 12 अंकों के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर है और वह प्लेऑफ में पहुंचने का मजबूत दावेदार है।

अब जबकि टूर्नामेंट अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुका है तब आरसीबी की लय गड़बड़ाना उसके लिए चिंता का विषय होगा।आरसीबी के बल्लेबाजों को अपनी पिछली असफलता को भूलकर नए सिरे से शुरुआत करनी होगी। गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद में उसकी टीम केवल 155 रन ही बना पाई थी जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उसे नौ रन से हार का सामना करना पड़ा था।

मुंबई के गेंदबाजों के सामने आरसीबी की चुनौती

आरसीबी को लखनऊ के खिलाफ जीत के लिए आखिरी ओवर में 19 रन की जरूरत थी, लेकिन वह लक्ष्य के करीब भी नहीं पहुंच सका। आरसीबी के बल्लेबाजों को अब मुंबई इंडियंस के खिलाफ मजबूत गेंदबाजी आक्रमण का सामना करना होगा। इन गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह, कॉर्बिन बॉश, एएम गजनफर और विल जैक्स शामिल हैं।

रायपुर आरसीबी का घरेलू मैदान है, लेकिन उसे यहां की पिच के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। आरसीबी के बल्लेबाजों में जैकब बेथेल को बड़ा स्कोर बनाना होगा क्योंकि अभी तक वह चार पारियों में 14, 20, पांच और चार रन ही बना पाए हैं। ऐसे में उनके सलामी जोड़ीदार विराट कोहली को अतिरिक्त जिम्मेदारी उठानी पड़ रही है।

विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा का प्रदर्शन भी निराशाजनक है। इस सत्र में उनका उच्चतम स्कोर 23 है। जहां तक मुंबई इंडियंस की बात है तो लखनऊ के खिलाफ पिछले मैच में उसने 228 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल किया था। रोहित शर्मा ने चोट से उबरने के बाद वापसी करते हुए 44 गेंदों में 84 रन की तूफानी पारी खेली।

यह भी पढ़े : आरसीबी की लय वापसी की कोशिश, एलएसजी की मुश्किलें बरकरार

रोहित और उनके सलामी जोड़ीदार रयान रिकेल्टन के सामने भुवनेश्वर कुमार और जोश हेज़लवुड की जोड़ी का डटकर सामना करने की चुनौती होगी। मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या पीठ दर्द के कारण लखनऊ के खिलाफ मैच में नहीं खेल पाए थे और सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी की थी। हार्दिक टीम से जुड़ गए हैं लेकिन उनकी फिटनेस का सही आकलन करने के बाद ही उन्हें अंतिम एकादश में शामिल किया जाएगा।

टीम इस प्रकार हैं:

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, टिम डेविड, जैकब बेथेल, रोमारियो शेफर्ड, जोश हेज़लवुड, नुवान तुषारा, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, रसिख डार, भुवनेश्वर कुमार, जॉर्डन कॉक्स, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, स्वप्निल सिंह, जैकब डफी, कनिष्क चौहान, अभिनंदन सिंह, मंगेश यादव, फिल साल्ट, सात्विक देसवाल, विक्की ओस्तवाल, विहान मल्होत्रा।

मुंबई इंडियंस: जसप्रीत बुमराह, रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, विल जैक्स, क्विंटन डीकॉक, रयान रिकेल्टन, नमन धीर, कॉर्बिन बॉश, शेरफेन रदरफोर्ड, शार्दुल ठाकुर, मयंक मारकंडे, रॉबिन मिंज, राज बावा, अथर्व अंकोलेकर, मयंक रावत, रघु शर्मा, केशव महाराज, दानिश मालेवार, मोहम्मद सलाहुद्दीन इज़हार, एएम गजनफर, अश्वनी कुमार। मैच शाम 7.30 बजे शुरू होगा। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button