निवेश से संबंधित भूमि अधिग्रहण तेज़ करने के निर्देश दिए रेवंत ने
हैदराबाद, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने निवेश संबंधी करार से जुड़े उद्योगों के लिए भूमि अधिग्रहण में तेज़ी लाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये हैं।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दावोस और तेलंगाना ग्लोबल समिट के दौरान विभिन्न कंपनियों के साथ हुए निवेश समझौतों और उनकी प्रगति पर विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अब तक ग्राउंड पर उतरीं कंपनियों और लंबित प्रस्तावों की स्थिति से अवगत कराया। फ्यूचर सिटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में कंपनियों को प्राथमिकता के आधार पर आवंटित की जाने वाली भूमि से संबंधित विवरण भी मुख्यमंत्री को प्रस्तुत किए गए।
सीएम ने निर्देश दिया कि करार करने वाली कंपनियों के लिए आवश्यक भूमि आवंटन से जुड़े लंबित भूमि अधिग्रहण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कंपनियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं और उनकी भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ा जाए। डेटा सेंटरों के लिए आवश्यक पानी की जरूरतों को पूरा करने हेतु एसटीपी के माध्यम से शुद्ध किए गए पानी के उपयोग की योजना तैयार करने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि निवेश समझौता करने वाली कंपनियों को तीन श्रेणियों में विभाजित किया जाए और प्रतिष्ठित ब्रांड कंपनियों को प्रथम प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि करार करने वाली कंपनियां जल्द से जल्द अपनी गतिविधियां शुरू करें और इसके लिए सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। बैठक में उद्योग मंत्री श्रीधर बाबू, मुख्य सचिव के. रामकृष्णा राव एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
राष्ट्रीय एकता को नहीं डिगा सकते आतंकी हमले : मुख्यमंत्री रेवंत
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमलों जैसी घटनाएँ देश की राष्ट्रीय एकता को नहीं डिगा सकती हैं।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने बुधवार को पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि ऐसी निंदनीय साजिशें असफल होने के लिए ही होती हैं, क्योंकि देश की जनता एकजुट, सतर्क और दृढ़ संकल्पित होकर हर प्रकार के आतंकवाद का सामना करती है और उसे परास्त करती है।
यह भी पढ़ें… कालेश्वरम मुद्दे पर हरीश राव ने की रेवंत रेड्डी की आलोचना
मुख्यमंत्री ने आतंकी घटना पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस स्मरण के समय पूरा राष्ट्र उनके साथ खड़ा है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






