कक्षा में फटकार, घर पहुँची मौत: मलकाजगिरी की छात्रा की संदेहास्पद मृत्यु
हैदराबाद, मारेडपल्ली थाना परिधि के अंतर्गत जूनियर कॉलेज के लेक्चररों द्वारा कथित तौर पर फटकारने के कारण कॉलेज छात्रा की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि वाणी नगर, मलकाजगिरी निवासी पेशे से बढ़ई जी. नरसिंग व मालती दंपत्ति की छोटी लड़की जी. वर्षिणी (15) स्थानीय एमआरएमआर कॉलेज में एमपीसी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। उसकी बड़ी बहन वैष्णवी (17) भी कॉलेज की पढ़ाई कर रही है।
कल कॉलेज से आने के बाद वर्षिणी ने सिर में तेज दर्द की शिकायत की, जिस कारण उसे मलकाजगिरी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहाँ उसे कुछ दवाइयाँ दी गई, इसके बाद भी दर्द कम न होने के कारण उसे गांधी अस्पताल ले जाया गया। गांधी अस्पताल में परीक्षण करने के बाद डॉक्टरों ने बताया कि वर्षिणी के मस्तिष्क में रक्त का थक्का जम गया है और उसका उपचार करना जरूरी है।
यह भी पढ़ें… साइबर अपराध पुलिस : दिसंबर में 43 साइबर अपराधी अरेस्ट
कक्षा में सार्वजनिक फटकार से छात्रा को मानसिक आघात
वर्षिणी को गांधी अस्पताल में भर्ती कर लिया गया, लेकिन उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। वर्षिणी के माता-पिता ने बताया कि उनकी बड़ी लड़की वैष्णवी और उसके दोस्तों ने बताया कि कल एक घंटा देरी से कॉलेज आने पर इंग्लिश की लेक्चरर मधुरा और फिजिक्स लेक्चरर श्रीलक्ष्मी ने कक्षा में सभी विद्यार्थियों के सामने ही वर्षिणी को बुरी तरह से फटकारते हुए प्रताड़ित किया था। माता-पिता ने आरोप लगाया कि फटकारने के दौरान दोनों लेक्चरारों ने असभ्य भाषा का भी उपयोग किया। कॉलेज में प्री-फाइनल परीक्षाएँ जारी थी और वर्षिणी ने फटकारने के बाद रोते हुए परीक्षा लिखी।
फटकारने से वर्षिणी ने अपने आपको काफी अपमानित महसूस किया और वह मानसिक तनाव का शिकार हो गई। मानसिक तनाव के चलते ही उसके मस्तिष्क में रक्त का थक्का जम गया, जिस कारण उसकी मौत हो गई। माता-पिता की शिकायत पर पुलिस बीएनएस की धारा 194 के तहत संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत का मामला दर्ज़ कर छानबीन कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



