रूसी ड्रोन और मिसाइल हमलों में यूक्रेन में कई घायल
कीव, यूक्रेन पर रूस के ड्रोन और क्रूज मिसाइल हमलों का सिलसिला जारी है। कल देर रात से आज सुबह तक चले हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार दक्षिण-पश्चिमी यूक्रेन के चेर्निव्त्सी क्षेत्र के बुकोवीना इलाके पर रूसी बलों ने चार ड्रोन और एक मिसाइल से हमला किया। क्षेत्रीय गवर्नर रस्लान ज़ापारानियुक ने बताया कि दो लोगों की मौत ड्रोन के मलबे की चपेट में आने से हुई और 14 लोग घायल हो गए। यूक्रेन के पश्चिमी ल्वीव क्षेत्र में ड्रोन हमले में छह लोग घायल हुए, इसकी पुष्टि क्षेत्रीय गवर्नर मक्सिम कोज़ित्स्की ने की। वहीं, उत्तर-पूर्वी यूक्रेन के खारकीव शहर पर आठ ड्रोन और दो मिसाइलें दागी गईं, जिससे तीन लोग घायल हो गए।
रूस के बढ़ते ड्रोन हमलों से यूक्रेन परेशान, पोलैंड ने भी सुरक्षा बढ़ाई
यूक्रेनी वायु सेना के अनुसार, रूस ने शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक 597 ड्रोन और डिकॉय तथा 26 क्रूज मिसाइलें यूक्रेन पर दागीं। इनमें से 319 ड्रोन और 25 मिसाइलों को मार गिराया गया, जबकि 258 डिकॉय ड्रोन इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग के कारण नष्ट हो गए। रूस की ये लंबी दूरी की हमले की रणनीति हाल के सप्ताहों में और आक्रामक हो गई है।
यह भी पढ़ें: रूस का सबसे बड़ा हमला: यूक्रेन पर 728 ड्रोन और 13 मिसाइलें दागीं
इसी सप्ताह रूस ने यूक्रेन पर 700 से अधिक हमले और डिकॉय ड्रोन रातोंरात दागे। इसने दो सप्ताह में तीसरी बार अब तक के सबसे बड़े हमले को अंजाम दिया, जिसमें पश्चिमी यूक्रेन के पोलैंड सीमा के पास लुत्स्क को निशाना बनाया गया।यह क्षेत्र विदेशी सैन्य सहायता प्राप्त करने का प्रमुख केंद्र है। पोलैंड की वायु सेना ने यूक्रेन से लगते इलाकों में फाइटर जेट्स तैनात किए हैं। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि कल रात से आज सुबह तक 33 यूक्रेनी ड्रोन को भी मार गिराया गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



