दक्षिण मध्य रेलवे ने मनाया अंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस
हैदराबाद, दक्षिण मध्य रेलवे ने रेल निलयम, सिकंदराबाद में भारत रत्न डॉ. बी.आर. अंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस मनाया। यहां आयोजित कार्यक्रम में दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव ने अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ डॉ. बी.आर. अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि हम जो कहते हैं उसमें नहीं, बल्कि हम जो करते हैं उसमें है।



डॉ. बी. आर. अम्बेडकर सदी के सबसे बड़े नेताओं में से एक हैं, जो एक साधारण पृष्ठभूमि से उठकर दुनिया के सबसे बड़े संविधान के प्रमुख निर्माता बने। उन्होंने समाज के दबे-कुचले वर्गों के उत्थान में डॉ. बी. आर. अम्बेडकर के अपार योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भारत के लोग भारत रत्न डॉ. अम्बेडकर को उनके अद्वितीय उपहार – भारत के संविधान के लिए हर दिन याद करते हैं, जो सभी को समानता, स्वतंत्रता और न्याय की गारंटी देता है।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना को कोई नहीं रोक सकता : मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी
डॉ. अंबेडकर के बहुआयामी योगदान पर महाप्रबंधक का वक्तव्य
महाप्रबंधक ने आगे कहा कि डॉ. अम्बेडकर का राजनीति, कानून, समाजशास्त्र, आर्थिक नीति और धर्म पर गहरा प्रभाव था और बौद्ध धर्म को उसकी मूल भूमि में पुनर्जीवित करने में उनकी भूमिका पर अमूल्य है। उन्होंने आगे कहा कि डॉ. अम्बेडकर ने प्रत्येक नागरिक के अधिकारों के लिए लड़ाई लड़ी। किसी एक समूह के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज की प्रगति के लिए संघर्ष किया।
दक्षिण मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी सिद्धार्थ काटी ने डॉ. बी.आर. अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि रेलवे आरक्षण प्रणाली के कार्यान्वयन, समय पर शिकायत निवारण और नियमित प्रशिक्षण के लिए डॉ. अंबेडकर के सिद्धांतों का पालन करता रहेगा। उन्होंने बताया कि रेलवे कर्मचारियों की पदोन्नति और उनके बच्चों की विभिन्न प्रतिभा-आधारित प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठने के लिए सीखने की आवश्यकताओं को पूरा करने हेतु कर्मचारी लाभ निधि के अंतर्गत डिजिटल पुस्तकालय बनाने हेतु धनराशि स्वीकृत की गई है।
कार्यक्रम में दमरे अपर महाप्रबंधक सत्य प्रकाश, प्रमुख विभागाध्यक्ष और कर्मचारीगण उपस्थित थे। अखिल भारतीय अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति संघ, दमरे ओबीसी संघ, दमरे मजदूर संघ और दमरे कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



