जूनियर कॉलेजों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर हुई राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक

हैदराबाद, सरकारी जूनियर कॉलेजों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बढ़ाने को लेकर आज राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। आज यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शैक्षणिक मानकों में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज नामपल्ली स्थित तेलंगाना बोर्ड ऑफ इंटरमीडिएट एजुकेशन कार्यालय में एक राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला इंटरमीडिएट शिक्षा अधिकारी तथा जूनियर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों ने भाग लिया।

बैठक की अध्यक्षता शिक्षा विभाग की सचिव डॉ. योगिता राणा तथा इंटरमीडिएट शिक्षा विभाग के सचिव एवं निदेशक कृष्ण आदित्य ने की। डॉ. योगिता राणा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सामाजिक परिवर्तन और छात्रों के भविष्य की नींव है। उन्होंने इस दिशा में डीआईईओएस और प्रधानाचार्यों को सामूहिक रूप से काम करने का निर्देश दिया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सरकारी जूनियर कॉलेजों में हर छात्र को आवश्यक शैक्षणिक सहायता और मार्गदर्शन मिले।

यह भी पढ़ें… सरकारी जूनियर कॉलेजों में प्रवेश सुधार को लेकर की गई चर्चा

छात्र विकास हेतु समन्वित प्रयासों पर जोर

योगिता राणा ने कहा कि वर्तमान शैक्षणिक वर्ष के लिए सरकारी जूनियर कॉलेजों में प्रथम वर्ष के इंटरमीडिएट पाठ्यक्रमों में लगभग 75,000 छात्र नामांकित हैं। सभी प्रवेशों को यूडीआईएसई डेटाबेस में सटीक रूप से दर्ज किया जाना चाहिए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सभी नामांकित छात्र इंटरमीडिएट पब्लिक परीक्षा (आईपीई) के लिए उपस्थित हों। कृष्ण आदित्य ने डीआईईओ को निर्देश देते हुए कहा कि वे प्रधानाचार्यों के साथ समन्वय में विभिन्न शैक्षणिक समितियों का गठन करें, ताकि छात्रों के समग्र विकास को बढ़ावा देने वाले एकीकृत शैक्षणिक कार्यक्रमों को लागू किया जा सके।

योगिता राणा ने कहा कि शैक्षणिक संवर्धन हेतु सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने के लिए प्रत्येक कॉलेज में अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित की जाएंगी। साथ ही जेईई (मेन), नीट और क्लैट के लिए फिजिक्स वाला और खान अकादमी जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग की पेशकश की जाएगी। टीजीएसआरटीसी तथा कल्याण विभागों के समन्वय से ग्रामीण और वंचित छात्रों के लिए परिवहन और छात्रावास की सुविधा प्रदान करने के प्रयास चल रहे हैं।

बैठक में संस्थानों को आकर्षक शैक्षणिक गतिविधियाँ आयोजित करके छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने का भी निर्देश दिया गया। प्रिंसिपलों को छात्रों को नेतफत्व विकास पहल, खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने की सलाह दी गई। अवसर पर कल्याण विभागों के माध्यम से छात्रवृत्ति के लिए समय पर पंजीकरण के महत्व पर भी जोर दिया गया। जानकारी देते हुए कहा गया कि हेल्प फाउंडेशन, हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट और प्रज्जवला जैसे संगठनों के सहयोग से जीवन कौशल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समीक्षा बैठक में टीजीबीआईई परीक्षा नियंत्रक जयाप्रदा बाई सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button