शाह का अगला टारगेट तेलंगाना : रामचंदर राव
हैदराबाद, मैं तेलंगाना आ रहा हूँ.. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजनीतिक चाणक्य केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल में भारी जीत के बाद अब तेलंगाना में सत्ता हासिल करने के लक्ष्य से यहीं पालती मारकर बैठने जा रहे हैं। फोन पर मैं तेलंगाना आ रहा हूँ यह कह भी दिया है।
पश्चिम बंगाल की प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहली विशाल जनसभा तेलंगाना के परेड ग्राउंड में रविवार, 10 मई को आयोजित होगी। इस संदर्भ में मीडिया के साथ औपचारिक बातचीत में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने बताया कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने उनके (रामचंदर राव के) जन्मदिवस पर फोन पर बधाई दी। उन्होंने बताया कि शाह ने मैं तेलंगाना आ रहा हूँ कहकर संकेत दिए हैं।
यह भी पढ़ें… जन कल्याण ही सरकार का लक्ष्य : भट्टी विक्रमार्का
तेलंगाना विधानसभा चुनाव पर भाजपा हाईकमान की नजर
ज्ञातव्य है कि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव व भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने गत जीएचएमसी चुनाव में रणनीति बनाई थी और भाजपा के 48 पार्षदों की जीत हुई थी। अब तेलंगाना में नजर गड़ाए भाजपा हाईकमान के चाणक्य केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव व सुनील बंसल के तेलंगाना विधानसभा चुनाव जिताने के लिए रणनीति के साथ उतरने की संभावना है।
रामचंदर राव ने पश्चिम बंगाल के बाद भाजपा हाईकमान द्वारा तेलंगाना पर फोकस किए जाने की जानकारी देते हुए कहा कि इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 10 मई को तेलंगाना का दौरा किया जा रहा है। असम व पश्चिम बंगाल की जीत के बाद तेलंगाना में प्रधानमंत्री की पहली जनसभा को सफल बनाने के लिए प्रदेश भाजपा हर प्रकार से प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जनसभा में करीब 2 लाख लोगों के भाग लेने की संभावना है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक से सीधे प्रधानमंत्री मोदी हैदराबाद के हाईटेक्स पहुँचेंगे और वहाँ 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ व भूमि पूजन वर्चुअल तौर पर करेंगे। इसके बाद परेड ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



