तेलंगाना 80 लाख मीट्रिक टन अनाज खरीदने के लिए तैयार : उत्तम
हैदराबाद, सिंचाई एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना इस खरीफ सीजन में अब तक का सबसे अधिक अनाज खरीदने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से खरीद लक्ष्यों में तत्काल संशोधन करने, वितरण मानदंडों में ढील देने और अतिरिक्त भंडारण एवं परिवहन सुविधाएँ प्रदान करने की अपील की।
मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने कहा कि इस खरीफ सीजन में लगभग 80 लाख मीट्रिक टन अनाज खरीदने का लक्ष्य है, जो तेलंगाना के अब तक के इतिहास और देश के किसी भी राज्य में सबसे ज़्यादा है। पिछले साल का रिकॉर्ड 67 लाख मीट्रिक टन था। उन्होंने बताया कि 45-50 लाख मीट्रिक टन चावल और 30-35 लाख मीट्रिक टन मोटे अनाज की खरीद की जाएगी।
धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,389 रुपये प्रति क्विंटल (लगभग 2,400 रुपये से बढ़कर) तय करने के बाद, 40 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद पर लगभग 20,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बोनस भुगतान और परिवहन लागत के साथ यह 24,000 से 26,000 करोड़ रुपये के बीच होगी। यह देश में किसी एक धान की फसल पर खर्च की जाने वाली सबसे अधिक राशि है।
यह भी पढ़ें… स्थानीय चुनाव में जीतेंगे 80 प्रतिशत से अधिक सीटें : महेश कुमार गौड़
खरीफ धान और चावल की आपूर्ति पर केंद्र से अपील
उत्तम कुमार रेड्डी ने बताया कि खरीफ धान चावल में बदलने के लिए ज्यादा उपयुक्त है। उपलब्ध स्टॉक में से 7.80 लाख मीट्रिक टन धान कच्चे चावल मिल्स के पास हैं, जबकि 1.67 लाख मीट्रिक टन धान (1.13 लाख मीट्रिक टन चावल के बराबर) उबले हुए चावल मिलर्स के पास है। हम केंद्र से अनुरोध करते हैं कि उपलब्धता के आधार पर कच्चे और उबले हुए चावल की आपूर्ति की अनुमति दी जाए। साथ ही उबले हुए चावल का लक्ष्य रबी सीज़न में स्थानांतरित किया जाए।
उत्तम कुमार रेड्डी ने बताया कि खरीफ 2024-25 का 5.44 लाख मीट्रिक टन सीएमआर और रबी 2024-25 का 14.92 लाख मीट्रिक टन सीएमआर सितंबर के अंत तक वितरित नहीं किया गया, जिसके परिणामस्वरूप मिलर्स ने काम बंद कर दिया। काम की कमी के कारण श्रमिक चावल मिलों को छोड़कर चले गए।
केंद्र से गोदामों को खाली करने के लिए प्रति माह कम से कम 300 विशेष रेल (ट्रेन) उपलब्ध कराने और एफसीआई से अतिरिक्त भंडारण स्थान पट्टे पर देने का अनुरोध किया गया। उन्होंने केंद्र से खरीफ विपणन सीजन 2025-26 के लिए खरीद लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।


