हैदराबाद में ईवी चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार करेगी टीजीएसआरटीसी

हैदराबाद, तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीजीएसआरटीसी) ने प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए नगर में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार की प्रक्रिया तेज कर दी है। निगम ने ग्रेटर हैदराबाद क्षेत्र के सभी डिपो में ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंटोनमेंट, मियाँपुर, रानीगंज, हयातनगर और एचसीयू डिपो में पहले से ईवी चार्जिंग सुविधाएं संचालित हो रही हैं। वहीं, कुकटपल्ली डिपो में नया चार्जिंग स्टेशन जल्द शुरू होने की संभावना है। इसके अलावा, निगम ने 13 अन्य स्थानों पर भी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना तैयार की है।
चार्जिंग स्टेशनों का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है
इनमें जीडिमेटला, काचीगुड़ा, मिधानि, बंड्लागुड़ा, मुशीराबाद, फारुखनगर, बरकतपुरा, मेहन्दीपटनम, इब्राहिमपटनम, मेड़चल, उप्पल, चेंगीचेर्ला और जवाहरनगर शामिल हैं। बताया गया कि अगले एक वर्ष के भीतर सभी प्रस्तावित चार्जिंग स्टेशनों का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह पहल राज्य सरकार के उस फैसले के अनुरूप है, जिसके तहत अगले दो वर्षों में आउटर रिंग रोड (ओआरआर) सीमा के भीतर केवल इलेक्ट्रिक बसों का संचालन करने की योजना बनाई गई है। आरटीसी अधिकारियों ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ आवश्यक चार्जिंग और तकनीकी ढांचे का भी तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
वर्तमान में हैदराबाद क्षेत्र में करीब 490 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। आने वाले महीनों में चरणबद्ध तरीके से और नई इलेक्ट्रिक बसों को निगम में शामिल करने की तैयारी की जा रही है। इससे प्रदूषण में कमी आएगी और यात्रियों को आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
यह भी पढ़े– रेमंड के पूर्व चेयरमैन विजयपत सिंघानिया का निधन
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



