पाँच चरणों में होगा 99 दिन का प्रजापालना प्रगति कार्यक्रम
हैदराबाद, कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जनता को जागरूक करने के तेलंगाना सरकार के 99 दिन के कार्यक्रम पर अमलावरी को पाँच चरणों में विभाजित किया गया है। 6 मार्च से 12 जून तक प्रजा पालना प्रगति योजना में सफाई, स्वच्छता, बाल सुरक्षा, महिला कल्याण सहित दस विषय निर्धारित किये गये हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, 99 दिनों के कार्यक्रम का ऐक्शन प्लान पाँच चरणों में बनाया गया है। कार्यक्रम के लिए योजना विभाग को नोडल विभाग के रूप में नामित किया गया है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत 2 अप्रैल को ग्राम स्तर पर ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। 16 अप्रैल को मंडल स्तर पर, 2 मई को विधानसभा क्षेत्र स्तर पर, 22 मई को जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होगा। 2 जून को राज्य स्थापना दिवस समारोह का आयोजन भी ऐक्शन प्लान में शामिल है।
यह भी पढ़ें… खेल विभाग के बजट प्रस्तावों पर चर्चा की मंत्री वाकिटी श्रीहरि ने
विभागवार 10 विभिन्न विषयों पर आधारित कार्यक्रम रखे जाएंगे। ग्राम स्तर से राज्य स्तर तक स्वच्छता अभियान, सरकारी कार्यालयों में लंबित फाइलों का निपटारा, स्वास्थ्य, कल्याण, बाल सुरक्षा, नशीले पदार्थों पर रोक, किसान कल्याण, शिक्षा, युवा एवं खेल गतिविधियाँ, महिला कल्याण तथा पर्यावरण सुरक्षा जैसे मुद्दों पर जोर दिया जाएगा। 6 मार्च को सभी संयुक्त जिलों में मंत्रियों की अध्यक्षता में तैयारी बैठकें होंगी। 99 दिनों के दौरान सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रजा पालना प्रगति योजना कार्यक्रम की निगरानी के लिए विशेष मोबाइल ऐप तैयार किया जाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



