सफाई कर्मियों के बच्चे करेंगे आईआईटी हैदराबाद का भ्रमण
हैदराबाद, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम ने शहर के सफाई कर्मियों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करने हेतु उन्हें विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के दौरों की पहल शुरू की है। इसके अंतर्गत शनिवार, 31 जनवरी को देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में से एक आईआईटी हैदराबाद का दौरा कराया जाएगा।
जीएचएमसी द्वारा पहली बार शुरू किये गये अपनी तरह के विशेष एक्सपोज़र विज़िट कार्यक्रम के अंतर्गत 31 जनवरी को विभिन्न सर्कलों से कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों को आईआईटी हैदराबाद परिसर का दौरा करने का अवसर मिलेगा। जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन के अनुसार, वंचित पृष्ठभूमि के बच्चों में आकांक्षाएँ जगाने और उनके शैक्षिक क्षितिज को विस्तार देने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गयी है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम केवल एक कैंपस भ्रमण नहीं, बल्कि जिज्ञासा, आत्मविश्वास और बड़े सपनों को प्रेरित करने का सशक्त प्रयास है। इस दौरान छात्र आईआईटी के प्राध्यापकों और विद्यार्थियों से संवाद कर शैक्षणिक भवनों, पुस्तकालयों और भविष्य की नई संभावनाएँ तलाशने को प्रेरित करने वाले नवाचार केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही प्रेरणादायी सत्रों में भाग लेंगे।
यह भी पढ़ें… सीएस रामकृष्ण राव ने की विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा
बच्चों को विश्व स्तरीय संस्थान का मिलेगा पहला अनुभव
आयुक्त ने बताया कि प्रतिदिन सुबह उठकर हैदराबाद की सड़कों को साफ रखने के यतन में सक्रिय हो जाने वाले परिवारों के लिए यह यात्रा महत्वपूर्ण संदेश होगी। बच्चों के लिए यह किसी विश्व स्तरीय संस्थान में प्रवेश का पहला अनुभव होगा, जो कल्पना को आकांक्षा में बदल देगा। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम का प्रभावी और सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जाए। इसके तहत परिवहन, भोजन, सुरक्षा और मेंटरशिप सहयोग की विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि हर बच्चा स्वयं को स्वागत योग्य, सम्मानित और प्रोत्साहित महसूस करे।
यह कार्यक्रम आईआईटी हैदराबाद के ई-सेल (उद्यमिता प्रकोष्ठ) के सहयोग से आयोजित किया जाएगा, जो विद्यार्थियों के साथ संवाद और मार्गदर्शन में सक्रिय भूमिका निभाएगा। आयुक्त ने कहा कि जीएचएमसी के सफाई कर्मचारी हैदराबाद की रीढ़ हैं। इस पहल के माध्यम से हम उनके बच्चों को यह संदेश देना चाहते हैं कि उनका भविष्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना किसी और का। यह एक्सपोज़र विज़िट उन्हें स्वयं पर विश्वास करने और बिना किसी सीमा के सपने देखने के लिए प्रेरित करने की छोटी लेकिन सार्थक पहल है। उन्होंने कहा कि यह पहल इस बात की याद दिलाती है कि वास्तविक स्वच्छता केवल सड़कों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, आशा और सामाजिक गतिशीलता की राह में मौजूद बाधाओं को दूर करना उतना ही आवश्यक है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



