हादसे में जान गँवाने वाली विमान परिचारिका का वादा रह गया अधूरा

Ad

मुंबई, महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार को हादसे का शिकार हुए विमान की परिचारिका पिंकी माली के पिता ने बताया कि उनकी बेटी ने आज उनसे बात करने का वादा किया था, और यह कहते हुए वह रो पड़े कि अब उनकी बातचीत कभी नहीं हो पाएगी।

विमान हादसे में महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री अजित पवार और पिंकी समेत पाँच लोगों की मौत हो गई। मध्य मुंबई में प्रभादेवी के निवासी शिवकुमार ने बेटी से आखिरी बार हुई बातचीत को याद करते हुए कहा कि उसने कहा था, पापा, मैं कल (बुधवार को) विमान में उप-मुख्यमंत्री अजित पवार के साथ बारामती जाऊँगी। उन्हें वहाँ छोड़ने के बाद मैं नांदेड़ जाऊँगी और होटल पहुँचने के बाद आपसे बात करूँगी।

पिंकी दिल्ली में स्थित वीएसआर वेंचर्स द्वारा संचालित लियरजेट 46 में परिचारिका थीं, जो बारामती हवाई अड्डे पर उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में चालक दल के दो सदस्यों समेत कुल पाँच लोग सवार थे। शिवकुमार ने कहा कि पिंकी इससे पहले राष्ट्रपति, मुख्यमंत्रियों और कई राजनीतिक नेताओं के साथ विमान में उड़ान भर चुकी थीं।

शिवकुमार ने कहा कि पिंकी चौथी बार अजित पवार के साथ विमान में रवाना हुई थीं। शिवकुमार ने नम आँखों के साथ कहा, मैंने कल शाम उससे बात की थी और उसने मुझे बताया था कि वह उप-मुख्यमंत्री अजित पवार के साथ बारामती जाएगी और फिर नांदेड़ रवाना होगी। मैंने उससे कहा था कि तुम्हारी ड्यूटी खत्म होने के बाद कल बात करेंगे। लेकिन वह कल अब कभी नहीं आएगा।

यह भी पढ़ें… भारत के विमानन विकास का भागीदार वैश्विक निवेशक-पीएम मोदी

टीवी खबर देखकर पिता स्तब्ध, दुःख में डूबे

शिवकुमार भी अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय नेता समाधान सर्वंकर ने उन्हें विमान हादसे के बारे में बताया। उन्होंने कहा, मैंने टीवी खोला। खबर देखकर मैं स्तब्ध रह गया। दोनों बाप-बेटी की 16 जनवरी को मुलाकात हुई थी, जब पिंकी नगर निकाय चुनाव में वोट डालने के लिए ठाणे के प्रभादेवी पहुँची थी।

शिवकुमार ने कहा कि पिंकी पिछले पाँच साल से विमान परिचारिका के तौर पर काम कर रही थी। उन्होंने अपना करियर एअर इंडिया से शुरू किया था और कुछ वर्ष बाद वह एक निजी चार्टर्ड फ्लाइट कंपनी में काम करने लगी थीं। शिवकुमार ने कहा, अजित पवार के साथ हालिया उड़ान के दौरान मेरी बेटी ने उनसे शिकायत की थी कि वह पूरे महाराष्ट्र की यात्रा कर रहे हैं, लेकिन राकांपा कार्यकर्ताओं की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

जब पवार ने उससे पूछा कि उसे ऐसा क्यों लगा तो पिंकी ने उन्हें बताया कि मैं (शिवकुमार) 35 साल से राकांपा का कार्यकर्ता हूँ। उन्होंने कहा कि इस बातचीत के बाद पवार ने उन्हें कॉल की थी। शिवकुमार ने कहा, मैं कार चला रहा था, तब कॉल नहीं उठा पाया। इसके बाद मुझे संदेश मिला कि पवार मुझसे बात करना चाहते थे। वह कॉल भी कभी दोबारा नहीं आएगी। दुर्घटना के बारे में पता चलने के बाद शिवकुमार और उनका परिवार बारामती के लिए रवाना हो गया। पवार और पिंकी के अलावा अन्य मृतकों की पहचान विदीप जाधव, कैप्टन शांभवी पठाक और कैप्टन सुमित कपूर के रूप में हुई है। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Ad

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button