जूते-चप्पल चुराने वालों ने पुलिस को भी नहीं छोड़ा
हैदराबाद, मलकपेट थाना परिधि के अंतर्गत एक अनोखी घटना प्रकाश में आई, जहाँ जूते-चप्पल चुराने वाले चोरों ने एक पुलिस इंस्पेक्टर और महिला सब-इंस्पेक्टर के घर से जूते-चप्पल चुरा लिए, जिसमें पुलिस विभाग द्वारा दिए गए जूते भी शामिल हैं। इससे संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मलकपेट में चोरों ने पुलिस कर्मियों के जूते चुराए
गौरतलब है कि इसके पूर्व अंबरपेट थाना परिधि में अपार्टमेंटों व घरों से जूते-चप्पल चुराने वाले एक दंपत्ति को हिरासत में लिया गया था। यह दंपत्ति तड़के 3 से 5 बजे के दौरान बस्ती और कॉलोनियों में घूम-फिरकर जूते-चप्पलें चुराने के बाद इन्हें एर्रागड्डा के साप्ताहिक बाजार में बेच रहे थे। इसके अलावा हाल ही में पंजागुट्टा पुलिस ने यशोदा अस्पताल के एक डॉक्टर के महँगे जूते चुराने का मामला दर्ज कर डॉक्टर के जूते चुराने वाले सूर्यापेट निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया था।
यह भी पढ़ें… गाली जनार्दन रेड्डी के स्वर्ण आभूषण जारी करने से अदालत का इनकार
आज की घटना में बताया जा रहा है कि माइक्रो हेल्थ समेत अन्य चार अपार्टमेंटों में कल देर रात ऑटो में आए चोरों ने बड़े पैमाने पर जूते-चप्पल चुराए। चोरों ने एक अपार्टमेंट में रहने वाले पुलिस इंस्पेक्टर व महिला सब-इंस्पेक्टर के घर को भी नहीं छोड़ा। उनके घर से भी जूते-चप्पल चुरा लिए, जिसमें सरकारी जूता भी शामिल है। जूते-चप्पल चुराने के बाद चोर ऑटो में सवार होकर फरार हो गए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



