डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड के मामले में तीन छात्र गिरफ़्तार
हैदराबाद, हैदराबाद की साइबर अपराध पुलिस ने नलगोंडा पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई के तहत डिजिटल अरेस्ट फ्राड के मामले में तीन कॉलेज छात्रों को गिरफ़्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से तीन सेलफोन ज़ब्त किए। आज यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) डी. कविता ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर छानबीन करने के बाद साइबर अपराध पुलिस इंस्पेक्टर के. सतीश रेड्डी ने अनुमुला ग्राम, नलगोंडा निवासी कॉलेज छात्र के. हेमंत रेड्डी (21), ब्राह्मणपल्ली ग्राम, रंगारेड्डी ज़िला निवासी व मूलत खम्बालापल्ली, नलगोंडा के रहने वाले एम. यशवंत (21) और कारखाना निवासी एम. तरुण (22) को गिरफ़्तार कर लिया।
डी. कविता ने बताया कि धूलपेट निवासी 57 वर्षीय सरकारी कर्मी ने साइबर अपराध पुलिस थाने में शिकायत दर्ज़ करवाई। उसने बताया कि जनवरी माह के दौरान उसे एक व्यक्ति ने फोन किया और अपने आपको डीसीपी बताते हुए उससे कहा कि उसके खिलाफ दो करोड़ रुपये के मनीलांड्रिंग का मामला दर्ज़ किया गया है। उसके आधार कार्ड का उपयोग कर बैंक ऑफ बड़ोदा में खाता खोलकर इस खाते का मनीलांड्रिंग के लिए उपयोग किया गया।
यह भी पढ़े: प्रज्वल रेवन्ना को कर्मचारी से बलात्कार पर उम्रकैद की सजा
इस कारण उसके खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी किया गया है और सर्वोच्च न्यायालय में इस मामले की सुनवाई की जा रही है। इस प्रकार डरा-धमकाकर डिजिटल फ्रॉड की आड़ में साइबर ठगों ने शिकायतकर्ता के पास से 6.5 लाख रुपये वसूल किए। तीनों कॉलेज छात्रों ने ठगी को अंजाम देने के लिए बैंक खाते उपलब्ध करवाए थे। इस कारण तीनों छात्रों को गिरफ्तार कर लिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



