राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित दिग्गज नेताओं ने धर्मेंद्र के निधन पर जताया शोक
मुंबई, सत्यकाम’ से लेकर ‘शोले’ तक 300 से ज्यादा फिल्मों में काम करके मनोरंजन जगत में एक अलग मुकाम हासिल करने वाले दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का सोमवार को मुंबई में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। धर्मेंद्र पिछले कुछ वक्त से बीमार थे और मुंबई के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। परिवार ने इस महीने की शुरुआत में घर पर ही उनका इलाज जारी रखने का निर्णय लिया था। वह आठ दिसंबर को 90 वर्ष के हो जाते। उनका फिल्मी करियर 65 वर्षों का रहा। पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि धर्मेंद्र का आज सुबह निधन हो गया। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित तमाम दिग्गज नेताओं ने धर्मेंद्र के निधन पर शोक जताया है।
राष्ट्रपति ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मु ने धर्मेंद्र के निधन पर दुख जताया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से एक्स पर लिखा गया- वरिष्ठ अभिनेता और पूर्व सांसद श्री धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है। सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक, उन्होंने अपने दशकों लंबे शानदार करियर में कई यादगार प्रस्तुतियां दीं। भारतीय सिनेमा की एक महान हस्ती के रूप में उन्होंने एक ऐसी विरासत छोड़ी है जो कलाकारों की युवा पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।
पीएम मोदी ने जताया शोक
धर्मेंद्र के निधन पर पीएम मोदी ने शोक जताते हुए एक्स पर लिखा – धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है। वह एक प्रतिष्ठित फिल्मी हस्ती, एक अद्भुत अभिनेता थे जिन्होंने अपनी हर भूमिका में आकर्षण और गहराई ला दी। जिस तरह से उन्होंने विविध भूमिकाएं निभाईं, उसने अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ। धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और गर्मजोशी के लिए भी समान रूप से प्रशंसित थे। इस दुख की घड़ी में, मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ॐ शांति।
अमित शाह
वहीं, अमित शाह ने एक्स पर लिखा- अपने बहतरीन अभिनय से 6 दशकों तक हर देशवासी के दिल को छूने वाले धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। एक सामान्य परिवार से आकर उन्होंने फिल्म जगत में अपनी अमिट पहचान बनाई। धर्मेंद्र जी उन चुनिंदा अभिनेताओं में से एक रहे, जिन्होंने जिस किरदार को छुआ, वह जीवंत बन उठा और अपनी इसी कला के माध्यम से उन्होंने हर आयु-वर्ग के करोड़ों दर्शकों का दिल जीता। अपने अभिनय से वे सैदव हमारे बीच रहेंगे। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों व प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति शांति शांति
मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा- भारतीय फिल्म जगत ने आज एक बहुमूल्य सितारा खो दिया। मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे। 2012 में पद्मभूषण से सम्मानित, धर्मेंद्र ने दशकों तक सिनेमा प्रेमियों के दिलों पर राज किया और अपने अभूतपूर्व अभिनय व सादगीपूर्ण जीवन से एक गहरी छाप छोड़ी। उनका निधन एक युग का अंत है। दुःख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार और करोड़ों प्रशंसकों को गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
सीएम योगी आदित्यनाथ
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- लोकप्रिय फिल्म अभिनेता श्री धर्मेंद्र जी का निधन अत्यंत दुःखद एवं कला व फिल्म जगत की अपूरणीय क्षति है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति तथा शोकाकुल परिजनों एवं उनके प्रशंसकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
राहुल गांधी ने दी धर्मेंद्र को भावभीनी श्रद्धांजलि
महान अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और भारतीय कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है. सिनेमा में लगभग सात दशकों के उनके अद्वितीय योगदान को हमेशा सम्मान और मोहब्बत के साथ याद रखा जाएगा. धर्मेंद्र जी को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ हैं ॐ शांति:!
धर्मेंद्र को साउथ एक्टर जूनियर NTR ने दी श्रद्धांजलि
साउथ सुपरस्टार जूनियर NTR ने भी हिंदी सिनेमा के शो मैन धर्मेंद् को श्रद्धांजलि दी है. उन्होंने X पर पोस्ट कर लिखा, ‘धर्मेंद्र जी के गुजर जाने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ. उन्होंने जो दौर बनाया, उसकी जगह कोई नहीं ले सकता और भारतीय सिनेमा में जो अपनापन उन्होंने लाया, वह हमेशा हमारे साथ रहेगा. पूरे देओल परिवार के लिए मेरी दिल से संवेदनाएं और दुआएंI(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



