वेल्सपुन लिविंग और एनएसडीसी के बीच युवा प्रशिक्षण के लिए करार

1000 युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण, 50% महिलाएं होंगी शामिल, पूर्वोत्तर और उत्तराखंड पर विशेष ध्यान
हैदराबाद, प्रमुख कपड़ा ब्रांड वेल्सपुन लिविंग लिमिटेड (WLL) और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (NSDC) ने भारत के वस्त्र उद्योग के लिए प्रशिक्षित और सक्षम कार्यबल तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण साझेदारी की घोषणा की है। इस पहल के तहत विशेष रूप से उत्तराखंड और पूर्वोत्तर राज्यों के एक हज़ार युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जाएगा, जिनमें कम से कम 50 प्रतिशत महिलाएं होंगी।
यह योजना केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी और मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा द्वारा संयुक्त रूप से शुरू की गई। इस अवसर पर मिजोरम और नागालैंड के कई वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधि और भारत सरकार के कौशल विकास मंत्रालय के अधिकारी भी मौजूद थे। नेताओं ने इस संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इससे पूर्वोत्तर जैसे क्षेत्रों में रोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान हर प्रशिक्षु पर लगभग 42,500 रुपये का खर्च किया जाएगा, जिससे कुल परियोजना लागत 4.25 रुपये करोड़ तक हो सकती है।
यह भी पढ़ें … रघुवामसी एरोस्पेस ग्रुप ने पेरिस एयर शो में दिखाई स्वदेशी ताकत
प्रशिक्षण कार्यक्रम की मुख्य विशेषताएं
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन वेल्सपुन के अत्याधुनिक केंद्रों – अंजार और वापी (गुजरात) में किया जाएगा। कुल प्रशिक्षण अवधि 330 घंटे की होगी, जिसमें 120 घंटे कक्षा आधारित प्रशिक्षण और 210 घंटे ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (OJT) शामिल हैं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मशीन संचालन, उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण, सुरक्षा मानक एवं सॉफ्ट स्किल्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों में प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद सभी प्रतिभागियों को एनएसडीसी और वेल्सपुन द्वारा संयुक्त रूप से प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।इस कार्यक्रम की महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि प्रतिभागियों को वेल्सपुन के वस्त्र इकाइयों में रोजगार की गारंटी दी जाएगी, जिससे वे प्रशिक्षण के तुरंत बाद व्यावसायिक जीवन में कदम रख सकेंगे।
वेल्सपुन लिविंग लिमिटेड की प्रबंध निदेशक एवं सीईओ दीपाली गोयनका ने बताया कि महिलाएं केवल प्रतिभागी नहीं, बल्कि भारत के वस्त्र उद्योग के भविष्य की निर्माता हैं। यह साझेदारी समावेशी और सतत विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कंपनी के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी राजेश जैन ने कौशल विकास का उद्देश्य केवल रोजगार नहीं, बल्कि लोगों को आत्मनिर्भर और भविष्य के लिए सक्षम बनाना है। एनएसडीसी के साथ हमारा यह सहयोग देश के आर्थिक विकास को गति देने में सहायक होगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



