इंदिरम्मा आवास नहीं मिलने पर महिला ने जिलाधीश के सामने जहर पिया

सूर्यापेट, सूर्यापेट जिले में एक महिला ने इंदिरम्मा आवास योजना से वंचित किए जाने के आरोप में जिलाधीश के सामने ही जहर पीकर आत्महत्या का प्रयास किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह जिले के मुनगाला मंडल स्थित ताडवाई गाँव में प्रजा पालन-प्रगति प्रणालिका कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जिलाधीश तेजस नंदलाल पवार पहुंचे थे। इसी दौरान कोटा सुनीता नामक महिला ने आरोप लगाया कि करीब 15 वर्ष पहले तत्कालीन कांग्रेस सरकार में वाई.एस. राजशेखर रेड्डी मुख्यमंत्री थे, तब उसे इंदिरम्मा आवास स्वीकृत किया गया था। हालाँकि उस योजना के तहत मिलने वाली राशि किसी अन्य व्यक्ति ने ले ली, जिससे वह आज तक घर से वंचित है।
बताया गया है कि वर्ष 2025 में महिला के गांव को मौजूदा सरकार द्वारा इंदिरम्मा योजना के पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चुना गया था। इसके बावजूद राजस्व अधिकारी यह कहकर उसे घर देने से मना कर रहे थे कि उसे पहले ही योजना का लाभ मिल चुका है। सुनीता ने कार्यक्रम के दौरान जिलाधीश के समक्ष अपनी समस्या रखी। जिलाधीश द्वारा जांच का आश्वासन दिए जाने के बावजूद निराशा में महिला ने अचानक कीटनाशक पी लिया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें… बड़े भाई ने कर दी शराबी युवक की हत्या
इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने उसे तुरंत कोदाड के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहाँ उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ। कई लोग महिला के साथ न्याय करने की मांग करने के अलावा महिला को धोखा देने वाले व्यक्ति पर कार्रवाई करने से संबंधित कमेंट कर रहे हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





