राष्ट्रपति निलयम में मनाया गया विश्व धरोहर दिवस
हैदराबाद, बोलारम स्थित राष्ट्रपति निलयम में विश्व धरोहर दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य सांस्कृतिक विरासत और उसके संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। अवसर पर पुरातत्वविदों, इतिहासकाऱों शिक्षाविदों सहित अन्य ने ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण के महत्व पर बल दिया।
इतिहासकार तथा पुरातत्वविद् डॉ. शिव नागी रेड्डी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विरासत मानव इतिहास का जीवंत अभिलेख है। यह सभ्यताओं की धरोहर को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसे संभालकर रखना बहुत जरूरी है, ताकि हम आने वाली पीढ़ियों को इतिहास के बारे में बता सकें। एएसआई की वरिष्ठ पुरातत्वविद् डॉ. रोहिणी पांडे अंबेकर ने प्राचीन स्मारक और पुरातात्विक स्थल एवं अवशेष अधिनियम 1958 की व्याख्या करते हुए इसके प्रमुख लाभों और प्रतिबंधों पर प्रकाश डाला।
यह भी पढ़ें… भट्टी विक्रमार्का के आश्वासन के बाद ट्रांस्को कर्मियों की हड़ताल समाप्त
ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण के महत्व पर दिया गया बल
लेखिका डॉ. अनुराधा नाइक ने हैदराबाद विशेष रूप से सिकंदराबाद और बोलारम क्षेत्रों में विरासत स्थलों के इतिहास का एक रोचक विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने ब्रिटिश रेजीडेंसी और राष्ट्रपति निलयम के समय के साथ हुए विकास पर प्रकाश डाला। साथ ही इसके प्रारंभिक वर्षों का परिचय देते हुए प्रशासनिक और सांस्कृतिक महत्व को उजागर किया।
अवसर पर आयोजित पैनल चर्चा में सालारजंग संग्रहालय की क्यूरेटर ज्योति रॉय, मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय के दक्कन अध्ययन केंद्र के सहायक प्रोफेसर डॉ. ए. सुभाष, जेएनयूएफए के वास्तुकला विभाग के सहायक प्रोफेसर वी. वम्शीधर और आईसीएफएआई स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर के वास्तुकला विभाग के सहायक प्रोफेसर रामाकिरण एम. ने भाग लिया। वक्ताओं ने चर्चा के दौरान समकालीन समाज में जीवंत विरासत की अवधारणा और संकट के समय इसकी भूमिका पर विचार-विमर्श किया।
साथ ही प्राकृतिक आपदाओं एवं मानवीय संघर्षों से उत्पन्न चुनौतियों का विश्लेषण करते विरासत के प्रभावी संरक्षण, संवेदनशीलता के प्रबंधन और इसकी निरंतरता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक रणनीतिक उपायों पर बल दिया। अवसर पर जेएनयूएफए के छात्रों द्वारा तेलंगाना के विरासत स्थलों को प्रदर्शित करने वाली फोटो प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






