मल्काजगिरी नगर निगम ने जारी किये सीनियर सिटीज़न कार्ड
हैदराबाद, मल्काजगिरी नगर निगम आयुक्त विनय कृष्णा रेड्डी ने कहा कि निगम ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए न केवल पार्कों में रखरखाव का कार्य तेज़ किया है, बल्कि डे केयर सेंटर तथा अन्य सुविधाएं भी शुरू की गयी हैं। उन्होंने बताया कि निगम ने योग्य नागरिकों को सीनियर सिटीज़न कार्ड भी जारी किये हैं। प्रजा पालना प्रगति कार्यक्रम के अंतर्गत एमएमसी आयुक्त ने मंगलवार को हब्शीगुड़ा स्थित स्नेहा नगर पार्क और रामंतापुर तालाब तथा कुछ अन्य इलाकों का दौरा किया। उन्हेंने इस अवसर पर अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
इस दौरान स्नेहा नगर पार्क में वरिष्ठ नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई। उन्होंने पार्क के रखरखाव के लिए निधि बढ़ाने और समय पर जारी करने की मांग की। साथ ही पार्क में लंबित जिम मरम्मत, वॉकिंग ट्रैक और ओपन एरिया के सुधार की आवश्यकता बताई। आयुक्त ने सीनियर सिटिजन डे-केयर सेंटर का भी दौरा किया और वहां कमरों से जुड़ी सभी समस्याओं को तुरंत हल करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर को साफ-सुथरा और उपयोगी बनाए रखने पर जोर दिया।
स्नेहा नगर में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के साथ बैठक कर सदस्यों के एक समूह से दूसरे समूह में ट्रांसफर और डिलीशन प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई। नियमों के अनुसार नए समूहों में सदस्यों को शामिल करने तथा प्रक्रिया को सरल बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। हब्शीगुड़ा स्ट्रीट नंबर 8 पर कमिश्नर ने वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में ट्रेड लाइसेंस की जांच की और यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी संस्थान नगर निगम के नियमों और लाइसेंसिंग मानकों का पालन करें।
यह भी पढ़ें… पेयजल के गैर-कानूनी उपयोग पर मोटरें जब्त
ट्रेड लाइसेंस अनिवार्य, उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
उल्लंघन की स्थिति में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही व्यापारियों को अपने रिकॉर्ड सही तरीके से रखने की सलाह दी गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी वाणिज्यिक संस्थानों के लिए ट्रेड लाइसेंस लेना अनिवार्य है। रामंतापुर चिन्ना चेरुवु में लार्वा की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। इसके नियंत्रण के लिए गैंबूसिया मछलियों और ऑयल बॉल्स के उपयोग जैसे उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही तालाब की स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
आयुक्त ने एमएमसी परिधि में पात्र वरिष्ठ नागरिकों को सीनियर सिटिज़न कार्ड जारी किए। इसके लिए निगम क्षेत्र में कुल 17 शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 168 आवेदन प्राप्त हुए। यह कार्यक्रम सैनिटेशन अतिरिक्त आयुक्त सीएन रघुप्रसाद के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण को ध्यान में रखते हुए विशेष कदम उठा रही है और उन्हें आसानी से सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ये विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में 60 वर्ष से अधिक आयु के पात्र नागरिक आधार कार्ड, आयु प्रमाण पत्र और पता प्रमाण के साथ उपस्थित होकर आसानी से पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण प्रक्रिया को तेज़ी से पूरा कर योग्य लाभार्थियों को सीनियर सिटीज़न कार्ड जारी किए जाएंगे। इन कार्डों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त स्वास्थ्य जांच, रेल यात्रा में रियायत और दवाइयों पर छूट जैसी सुविधाएँ मिलेंगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






