पाक नौसेना का एंटी-शिप मिसाइल परीक्षण सफल


कराची, पाकिस्तान की नौसेना ने स्वदेशी रूप से विकसित जहाज से दागी जाने वाली एंटी-शिप मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। यह विस्तारित दूरी पर लक्ष्यों को सटीकता से निशाना बनाने में सक्षम है। सेना ने यह जानकारी दी।
सेना की मीडिया इकाई इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि मिसाइल अत्याधुनिक मार्गदर्शन प्रणाली और उन्नत गतिशीलता से लैस है। यह प्रणाली इसे ‘‘खतरों से बचने, बदलती परिस्थितियों के अनुसार ढलने और सटीकता के साथ वार करने’’ में सक्षम बनाती है। बयान में कहा गया, ‘‘पाकिस्तान नौसेना ने स्वदेशी रूप से विकसित और जहाज से दागी जाने वाली एंटी-शिप मिसाइल का सफल परीक्षण किया और लंबी दूरी पर उच्च गति के साथ सटीक रूप से अपने लक्ष्य को भेदा।’’
यह भी पढे़: भारत ने ‘अग्नि-3’ मिसाइल का सफल परीक्षण किया
इसमें कहा गया है कि स्थानीय स्तर पर विकसित मिसाइल का सफल प्रक्षेपण ‘‘तकनीकी उत्कृष्टता और परिचालन विशेषज्ञता के एकीकरण’ को रेखांकित करता है। नौसेना प्रमुख एडमिरल नवीद अशरफ ने प्रमुख वैज्ञानिकों और इंजीनियरों के साथ मिसाइल प्रक्षेपण देखा। इस मिसाइल का पिछला परीक्षण पिछले साल नवंबर में किया गया था। आईएसपीआर ने कहा कि यह हथियार प्रणाली समुद्र और जमीनी दोनों लक्ष्यों को बेहद सटीकता के साथ भेदने में सक्षम है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



