उप्र : गाजियाबाद की बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगी, कोई हताहत नहीं

गाजियाबाद (उप्र), गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई, जिसके बाद बड़े स्तर पर अग्निशमन और बचाव अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अग्निशमन विभाग के अनुसार, गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी की 11वीं मंजिल पर सुबह करीब 8:50 बजे आग लगी, जो तेजी से फैलकर कई अन्य मंजिलों के फ्लैटों तक पहुंच गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में वैशाली, साहिबाबाद और नोएडा समेत आसपास के क्षेत्रों से एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, हालांकि पूरी तरह से आग बुझाने के प्रयास जारी रहे। अग्निशमन और बचाव अभियान के बाद सुबह करीब 11.30 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

गाजियाबाद हाईराइज में आग, सभी सुरक्षित बचाए गए

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आग पर काबू पाने के लिए 17 अग्निशमन गाड़ियां, दो हाइड्रोलिक क्रेन और लगभग 70 अग्निशमन कर्मियों को तैनात किया गया था। अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में निकटवर्ती नोएडा की अग्निशमन इकाइयों ने भी अभियान में सहायता की।

कुमार ने दोपहर करीब 1.30 बजे कहा कि सुबह करीब 11.30 बजे तक आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया था और घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन चल रहा था। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। इस दौरान बचाव अभियान भी साथ-साथ चलाया गया। इमारत में फंसे कई निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें एक बुजुर्ग व्यक्ति भी शामिल थे, जो ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे। अग्निशमन कर्मियों ने उन्हें स्ट्रेचर के जरिए बाहर निकाला।

अधिकारियों के अनुसार, आग सातवीं से आठवीं मंजिल तक फैल गई थी। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच जारी है। इस बीच, लखनऊ में एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और गाजियाबाद पुलिस आयुक्त और जिला मजिस्ट्रेट को मौके पर मौजूद रहने और राहत कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया है। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button