थैलेसीमिया मुक्त तेलंगाना हेतु सामूहिक प्रयास जरूरी : दामोदर राजानरसिम्हा

थैलेसीमिया एंड सिकल सेल सोसाइटी ने आयोजित की जागरूकता वॉक

हैदराबाद, थैलेसीमिया एंड सिकल सेल सोसाइटी द्वारा अंतरराष्ट्रीय थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर जागरूकता वॉक का आयोजन किया गया। गंभीर आनुवांशिक रक्त विकारों की रोकथाम और प्रारंभिक जांच के प्रति जन-जागरूकता का प्रसार करने हेतु नेकलेस रोड पर आयोजित 2के वॉक को तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजानरसिम्हा तथा खैरताबाद विधायक डी. नागेंदर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अवसर पर टीएससीएस के अध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत अग्रवाल भी उपस्थित थे।

वंशानुगत रक्तविकारों को लेकर जन-जागरूकता अनिवार्य

स्वास्थ्य मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि थैलेसीमिया कोई संक्रामक बीमारी नहीं है, बल्कि आनुवंशिक विकार है। उन्होंने कहा कि वंशानुगत रक्त विकारों के बोझ को कम करने के लिए जन-जागरूकता सबसे अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना सरकार ने 2035 तक राज्य को भारत का पहला थैलेसीमिया मुक्त राज्य बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए विविध स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। तेलंगाना को देश का पहला थैलेसीमिया मुक्त राज्य बनाने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया।

डॉ. चंद्रकांत अग्रवाल ने कहा कि समय पर स्क्रीनिंग, जागरूकता और आनुवंशिक परामर्श के माध्यम से थैलेसीमिया को रोका जा सकता है। हमारा मिशन यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक परिवार प्रारंभिक परीक्षण के महत्व को समझे और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा सहायता प्राप्त कर सके। सामूहिक प्रयासों और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से हम थैलेसीमिया मुक्त भारत तथा समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

यह भी पढ़ें स्वस्थ शहर के निर्माण में सामुदायिक भागीदारी जरूरी

थैलेसीमिया मरीजों के लिए मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था पर जोर

थैलेसीमिया और सिकल सेल रोग से पीड़ित व्यक्तियों के लिए व्यापक जन जागरूकता और मजबूत स्वास्थ्य देखभाल सहायता प्रणालियों की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने स्वैच्छिक रक्तदान अभियानों और निवारक जांच कार्यक्रमों में सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

अवसर पर थैलेसीमिया और सिकल सेल सोसाइटी के प्रतिनिधियों – डॉ. सुमन जैन, के. रत्नावली, एम.ए. अलीम बेग ने भी 2035 तक थैलेसीमिया मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। साथ ही कहा कि सोसाइटी मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार की पहुँच में सुधार हेतु जागरूकता पहल तथा सामुदायिक आउटरीच कार्यक्रमों सहित अपने अन्य संबंधित प्रयास जारी रखेगी। अवसर पर सोसाइटी के पदाधिकारियों ने समुदाय से स्वैच्छिक रक्तदान और प्रिवेंटिव स्क्रीनिंग कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की, ताकि प्रभावित परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सहायता मिल सके।

जागरूकता कार्यक्रम में चिकित्सकों, स्वयंसेवकों, मरीजों तथा उनके परिवार के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभागिता की। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों द्वारा जागरूकता अभियानों का समर्थन करने और भावी पीढ़ियों में इस विकार के प्रसार को रोकने में मदद करने के लिए प्रारंभिक परीक्षण को प्रोत्साहित करने की प्रतिज्ञा लेने के साथ हुआ।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button