दूसरी पत्नी के साथ मिलकर बच्चों को मारने की साजिश

जनगाँव, जनगाँव जिले के रघुनाथपल्ली स्थित पोट्टीगुब्बाटी तांडा में संपत्ति विवाद के चलते एक पिता ने अपनी ही संतानों की हत्या की साजिश रच डाली। इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रघुनाथपल्ली में रहने वाले बनोत श्रीनिवास ने वर्ष 2016 में पहली पत्नी अनीता से विवाह किया था, जिस्से उसे दो पुत्र हुए। पारिवारिक विवादों के चलते बाद में उसने दूसरी शादी कर ली।
विवाद को सुलझाने के लिए गांव के बुजुर्गों ने बच्चों के नाम 20 गुंटा जमीन और धनराशि आवंटित की थी, लेकिन इसके बावजूद संपत्ति को लेकर तनाव बढ़ता चला गया। इसके बाद श्रीनिवास ने अपनी दूसरी पत्नी ममता के साथ मिलकर अपने दो बेटों को जहर देकर मारने की योजना बनाई। साजिश के तहत बच्चों को जहर मिले बिस्किट खिलाने की योजना बनाई गई थी।
बताया गया कि लालच में अंधे होकर आरोपी ने बच्चों को रास्ते से हटाने का फैसला किया, ताकि पूरी संपत्ति पर कब्जा किया जा सके। इसके लिए उसने एक अन्य व्यक्ति को पैसे का लालच देकर जहर मिले बिस्किट खिलाने का जिम्मा सौंपा। हालाँकि साजिश में शामिल किए गए व्यक्ति ने इस खौफनाक योजना से पीछे हटते हुए बच्चों की मां को पूरी जानकारी दे दी। खतरे को भाँपते हुए मां ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें… हैदराबाद : वन विभाग के अधीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज
सूचना मिलते ही रघुनाथपल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए जाँच शुरू की। प्रारंभिक जाँच में साजिश की पुष्टि होने पर पुलिस ने श्रीनिवास और उसकी दूसरी पत्नी ममता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





