दिल्ली : किशोर पर हत्या के प्रयास का मामला सुलझा, चार नाबालिग पकड़े गए

नयी दिल्ली, दिल्ली पुलिस ने चार नाबालिगों को हिरासत में लेकर पटेल नगर इलाके में हत्या के प्रयास के एक मामले को सुलझाने का दावा किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह घटना 28 जनवरी को पटेल नगर में दयानंद मॉडल पब्लिक स्कूल के पास उस वक्त हुई, जब 16-वर्षीय एक लड़के पर कथित तौर पर चाकू से हमला किया गया। वह नाबालिग उस वक्त अपने पिता की स्कूल वैन में बैठा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़के का पिता उस समय दूसरे स्कूल से छात्रों को लाने गया था। पीड़ित का पांच-छह दिन पहले कुछ लड़कों के साथ निजी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके दौरान उसे धमकी दी गई थी।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू किया बरामद
अधिकारी ने बताया कि 28 जनवरी को दोपहर दो बजे पीड़ित के परिचित तीन-चार लड़के मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर वाहन के खिड़की के शीशे को तोड़ना शुरू कर दिया। उनके मुताबिक, लड़के ने वैन से उतरकर जब भागने की कोशिश की तो हमलावरों में से दो ने उसे पकड़ लिया, जबकि एक अन्य ने कथित तौर पर उसे जान से मारने के इरादे से उसकी पीठ पर चाकू से दो वार किये। इसके बाद हमलावर भाग गए। घायल ने अपने पिता को इस बारे में सूचित किया, जिसके बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। चोटों की गंभीरता को देखते हुए उसे राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल भेज दिया गया।
यह भी पढे़: महाराष्ट्र : अकोला से लापता नाबालिग 21 दिन बाद पंढरपुर में बरामद
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया और आरोपियों को पकड़ने के लिए एक टीम गठित की गई। पुलिस ने सूचना के आधार पर आनंद पर्वत के रामजस पार्क में छापा मारा और चार नाबालिगों को पकड़ लिया। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान नाबालिगों ने हमले में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। उनके पास से अपराध में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



