लंदन में वातायन शिखर सम्मान से अलंकृत होंगे डॉ. जवाहर कर्नावट
हैदराबाद, प्रखर वक्ता, लेखक तथा अंतरराष्ट्रीय हिन्दी केंद्र रबींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल के निदेशक डॉ. जवाहर कर्नावट को वातायन यूरोप द्वारा वातायन शिखर सम्मान से लंदन में सम्मानित किया जाएगा। उन्हें यह लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड 29 अप्रैल को सायं हाउस आफ लॉर्ड्स (ब्रिटिश संसद) में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में प्रदान किया जाएगा।
वातायन की स्थापना भारत -ब्रिटेन के मध्य शांति सद्भाव के लिए 2003 में लंदन में हुई थी।
यह संस्था विश्व की अनेक प्रसिद्ध साहित्यिक संस्थाओं से भी जुड़ी हुई है। प्रतिवर्ष भाषा, कला, साहित्य, पत्रकारिता के लिए भारत एवं यूरोप के चुनिंदा व्यक्तित्वों को सम्मानित करती है। डॉ. कर्नावट का चयन हिन्दी भाषा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके वैश्विक योगदान को दृष्टिगत रखते हुए किया गया है। इसके पूर्व यह सम्मान भारत के पूर्व शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक स्वीडन के प्रोफेसर हाइंस वेसलर आदि को प्रदान किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें… मासांत तक पूरी हो मतदाताओं की मैपिंग : सीईओ
डॉ. कर्नावट के साथ ही वातायन साहित्य सम्मान बी.बी.सी. लंदन की पूर्व कार्यक्रम प्रस्तोता डॉ. अर्चना शर्मा, ब्रिटेन की भाषाविद सुरेखा चोफला तथा लेखिका शैल अग्रवाल को भी प्रदान किया जाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






