तेलंगाना में स्थापित होंगे 79 नए डायलिसिस केंद्र : स्वास्थ्य मंत्री
हैदराबाद, स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राज नरसिम्हा ने कहा कि राज्य में 79 नए डायलिसिस केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिनमें कुल 416 बिस्तर होंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर मरीज 20 से 25 मिनट के भीतर डायलिसिस केंद्र तक पहुँच सके।
हाईटेक सिटी स्थित माइंडस्पेस में शनिवार को सोसाइटी ऑफ रीनल न्यूट्रीशन एंड मेटाबॉलिज्म के वार्षिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और किडनी से जुड़ी बीमारियाँ, खासकर शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं। चुनौतियों से निपटने के लिए सरकार व्यापक स्वास्थ्य प्रणाली विकसित कर रही है, जो बीमारी की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ शुरुआती चरण में पहचान, उपचार और पुनर्वास पर ध्यान केंद्रित करेगी।
यह भी पढ़ें… महिला आरक्षण की राह में रेवंत ने रोड़े अटकाए : बंडी संजय
प्रतीक्षा समय घटाने के लिए 155 नई मशीनें स्थापित
मंत्री ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में डायलिसिस सेवाओं का काफी विस्तार किया गया है। पिछले वर्ष 16 नए केंद्र शुरू किए गए, जिससे कुल संख्या बढ़कर 102 हो गई है। इसके अलावा, 67 केंद्रों में प्रतीक्षा समय कम करने के लिए 155 नई डायलिसिस मशीनें स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि आरोग्यश्री के तहत लगभग 16,500 मरीजों को मुफ्त डायलिसिस सेवाएँ दी जा रही हैं। इनमें से 10,000 मरीज सरकारी अस्पतालों में और 6,500 मरीज निजी अस्पतालों में उपचार प्राप्त कर रहे हैं।
इस पर राज्य सरकार हर साल लगभग 220 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। जीवनदान कार्यक्रम के तहत तेलंगाना में अब तक 2,700 किडनी प्रत्यारोपण किए जा चुके हैं। सरकार मानव अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण अधिनियम को अपनाया है और ब्रेन डेथ प्रमाणन प्रक्रिया को सरल बनाकर अंगदान को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों को सही खान-पान और नियमित व्यायाम के जरिए रोका जा सकता है। साथ ही डॉक्टरों से अपील की कि वे तेलंगाना को सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में आदर्श राज्य बनाने में सहयोग करें।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।






