पांच राज्यों के एग्जिट पोल : इंसानी एल्गोरिदम की परीक्षा लेंगे असली नतीजे

इस बार मीडिया और डिजिटल तकनीक का जो आंतक इंसान को आईने में उतार लेने की डींगें हांक रहा है, उसकी सच्चाई 4 मई 2026 को सामने आयेगी। तब पता चलेगा कि क्या हम वाकई ऐसे दौर में आ गये हैं, जब डिजिटल क्रांति, इंसानी निर्णय को पूरी तरह से डेटा और एल्गोरिदम के प्रभाव में ले चुकी है या फिर इंसानी व्यवहार की जटिलता, जो कि वास्तव में उसके होने की विशिष्टता भी है, बनी रहेगी। यह सब वास्तविक नतीजों से साफ होगा। क्योंकि वास्तविक नतीजे सिर्फ यह नहीं बताएंगे कि कौन जीता, कौन हारा? वो ये भी बताएंगे कि इस आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के दौर में मानव कितना मानव बचा हुआ है।
बीते 29 अप्रैल 2026 को बंगाल चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण की वोटिंग खत्म होते ही शाम 6:30 बजे एग्जिट पोल के नतीजे आ गये। क्योंकि पूरे देश में सबकी नजरें बंगाल विधानसभा चुनावों के नतीजों को जानने के लिए ही उत्सुक हैं, इसलिए सारे एग्जिट पोल बंगाल को फोकस करते हुए संभावित नतीजों का जो पिटारा खोल रहे हैं, उसके मुताबिक बंगाल में 6 में से 5 एग्जिट पोल भाजपा के पक्ष में जा रहे हैं और अगर पोल ऑफ पोल्स की बात करें तो भाजपा को यहां 154 और टीएमसी को 132 सीटें मिल रही हैं यानी बंगाल में पहली बार भाजपा बहुमत पाने जा रही है। लेकिन याद रखिए, पिछली बार के एग्जिट पोल इससे भी ज्यादा आक्रामक थे और नतीजा उससे भी ज्यादा स्पष्ट।
बहरहाल तमिलनाडु में द्रमुक और असम में भाजपा को एग्जिट पोल सत्ता में वापसी करते हुए दिखा रहे हैं, जबकि केरल में कांग्रेस और पुड्डुचेरी में एनडीए गठबंधन सत्ता में लौट रहा है, ऐसा एग्जिट पोल की भविष्यवाणी है। लेकिन इन एग्जिट पोल के आते ही एक बार फिर यह बहस तेज हो गई है कि क्या इस एआई के दौर में मतदाता का व्यवहार डेटा और एल्गोरिदम के आईने में बिल्कुल सटीकता के साथ पढ़ा जा सकता है ?
4 मई के नतीजों पर टिकी सबकी नजरें
जाहिर है इस सवाल पर लोगों का मत बंटा हुआ है, इसलिए अब 4 मई पर ही नजरें टिकी हैं, क्योंकि असली नतीजे ही तय करेंगे कि मतदाता का मन वास्तव में कितना प्रेडिक्टेबल हुआ है या फिर यह कि अब भी मानव व्यवहार की कितनी अनिश्चितता उसमें बनी हुई है। एग्जिट पोल जो तस्वीर पेश कर रहे हैं, उसमें पांच में से तीन राज्यों में स्पष्ट बहुमत के संकेत हैं। जबकि दो राज्यों में मुकाबला कड़ा बताया जा रहा है।
अगर एग्जिट पोल के सभी अनुमानों और आंकड़ों को गहराई से जांचें तो 3 से 5 फीसदी के वोट शेयर के अंतर पर सारे नतीजे टिके हुए हैं। कहने का मतलब यह कि मामूली स्विंग से तस्वीर बदल सकती है। यही वह जगह है, जहां डेटा और मानव व्यवहार आकर आमने-सामने खड़े हो जाते हैं। दरअसल, एग्जिट पोल मूलत मतदाताओं से पूछे गये सवालों पर आधारित होते हैं। हालांकि यह पहले जितना अब सरल-सपाट भी नहीं रहा बल्कि कहीं अधिक उन्नत हो चुका है।
विशेषकर बड़े सैंपल साइज, डिजिटल डेटा कलेक्शन, रियल टाइम एनालिटिक्स, सपोर्टिव एल्गोरिदम और मशीन लर्निंग मॉडल के साझे विश्लेषण और एफर्ट के कारण। कई एजेंसियां 50 हजार से लेकर 2 लाख तक के सैंपल का दावा करती हैं। लेकिन फिर भी यह सवाल बार-बार इस तरह के पोल्स की परीक्षा लेता है कि क्या वाकई मतदाता इनमें ईमानदारी से अपना मन खोलकर रख देता है? इन पांच राज्यों के एग्जिट पोल में जहां कुछ राज्यों में 20 से 30 सीटों का अंतर दिखा है, वहीं कुछ में सिर्फ 5 से 10 सीटों के भीतर का मार्जिन है और सभी मायने में यही मार्जिन असली कहानी कहता है।
यह भी पढ़ें… नए ज़िम्मेदार ऑनलाइन गेमिंग इकोसिस्टम का निर्माण
डेटा के बावजूद एग्जिट पोल अक्सर गलत साबित
अगर डेटा के नतीजे को देखें तो लगता है परिणाम बिल्कुल तय हैं, लेकिन एग्जिट पोल्स या प्रि-पोल्स के नतीजे भारत के वास्तविक चुनाव नतीजों से बार-बार मात खाते हैं, जिसका मतलब साफ है कि भारतीय मतदाता इतना प्रेडिक्टेबल नहीं है, वह आखिरी क्षणों में न सिर्फ चौंकाने की क्षमता रखता है बल्कि चौंकाकर अपने मतदाता अधिकार का लुत्फ भी लेता है। अगर आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के प्रभाव में हम इंसान के मन को समझने का सरलीकरण करें तो एआई कहता है, वोटर अब एल्गोरिदम से संचालित है, पर क्या यह वास्तव में सही है ?
इसमें कोई दो राय नहीं है कि इस डिजिटल युग में चुनावी व्यवहार पर तकनीक का जबर्दस्त प्रभाव देखने को मिल रहा है। विशेषकर इस कारण कि मतदाता को सोशल मीडिया के जरिये माइक्रो टारगेटिंग के जद में लाया गया है, लगातार डेटा ड्रिवन कंपेन से एक ऐसा माहौल बनाने की कोशिश की जाती है, जिसमें अंतत मतदाता बह जाए और हां, हम यह न भूलें कि आज की तारीख में बिग डाटा के चलते मतदाता प्रोफाइलिंग बहुत बारीक हो गई है।
आज हर पार्टी मतदाताओं के मन के साथ उसके सूक्ष्म से सूक्ष्म व्यवहार पर नजर रखती है और उसी के मुताबिक उनको दबोचने की कोशिश करती है। लेकिन सब कुछ के बावजूद आदमी और मशीन में एक फर्क है और यह फर्क बना रहना चाहिए कि आदमी सौ फीसदी प्रेडिक्टेबल नहीं हो सकता और अगर वाकई हो गया तो फिर चुनावों या किसी भी ऐसी गतिविधि से जिसमें आखिरी निर्णय होना हो, महज डेटा गेम बनकर रह जायेगा।
डेटा से मतदाता व्यवहार को समझने का दावा
एग्जिट पोल के समर्थक कहते हैं जब इतना डेटा उपलब्ध है, तो मतदाता का व्यवहार भी एक पैटर्न फॉलो करता है यानी वह प्रेडिक्टेबल हो चुका है। लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि मतदाता सिर्फ एक डेटा प्वाइंट नहीं, वह एक हाड़-मांस का इंसान भी है, जिसकी सोच पर कई अदृश्य कारक असर डालते हैं। स्थानीय मुद्दे, उम्मीदवार की छवि, जातीय और सामाजिक समीकरण, किसी के साथ भावनात्मक जुड़ाव या दुराव और अचानक आखिरी पलों में बिना किसी वजह से बदल गया मन भी।
ये सारे ऐसे कारक हैं, जिनको एल्गोरिद्म के दायरे में समेट लेना आसान नहीं। भले पांच राज्यों के एग्जिट पोल के संयुक्त रुझान यह बताते हों कि कुछ राज्यों में सत्ताधारी दल को स्पष्ट वोट मिल रही है और यह स्थिरता का संकेत है। लेकिन ये स्थिरता सबके लिए एक ही मायने नहीं रखती, फिर करोड़ों मतदाताओं के मन का 50 हजार छोड़िये दो लाख लोग भी पूरी तरह से प्रतिनिधित्व नहीं कर सकते। क्योंकि हर इंसान अपने आपमें एक विशिष्ट मौजूदगी रखता है।
अपनी अहलदा और गुप्त सोच रखता है। इसलिए कारोबार के लिए एग्जिट पोल या प्रि-पोल्स को कितना ही सटीक कह दिया जाए, पर सच्चाई यही है कि इंसान अभी इतना भी अनुमानित नहीं हुआ कि उसकी अपनी स्वतंत्र और मौलिक मौजूदगी का कोई मतलब ही न रह जाए। कुछ राज्यों में एग्जिट पोल इतना करीबी संघर्ष दिखा रहे हैं कि खुद उनके संकेतों से ही पता चल जाता है कि कुछ भी हो सकता है। लेकिन अगर अंतिम नतीजे बिल्कुल वैसे ही आते हैं, जैसे डेटा और एल्गोरिद्म का आंकलन बताता है, तो किसी हद तक चिंतित होने की जरूरत है कि क्या मशीन के सामने इंसान अब मौलिक नहीं रहा?
उलटफेर से मानवीय विशिष्टता का संकेत
और अगर हाल के कई सालों की तरह वे उलटते, पलटते हैं तो इसमें परेशान होने की जगह संतोष करने की बात होगी कि मानवीय विशिष्टता अभी भी बनी हुई है। अगर भारत के चुनावी इतिहास में एग्जिट पोल के अतीत को देखें तो यह पूरी तरह से आरपार का कभी नहीं रहा, मिला-जुला ही रहा है। कई बार किसी हद तक एग्जिट पोल सटीक रहे हैं, तो कई बार बिल्कुल ही गलत साबित हुए हैं और स्वभाविक भी है।

हमें किसी सरलीकृत निष्किर्ष पर पहुंचने के पहले यह समझना चाहिए कि भारत के सभी मतदाता न तो एक क्लास से संबंधित है, न एक जैसी आर्थिक स्थिति रखते हैं, न एक जैसी मानसिक सोच व परिपक्वता से उनका नाता है, ग्रामीण और शहरी मतदाताओं के व्यवहार और लक्ष्य में साफ-साफ फर्क देखने को मिलता है। अलग-अलग राज्यों के अलग-अलग मुद्दे हैं, अलग-अलग जरूरतें हैं और जब इंसान लाइव डिटेक्टर मशीन को भी कभी पूरी तरह से अपना मन पढ़ने नहीं देता, तो यह कैसे मानकर चला जाए कि वोटिंग बूथ से निकलते हुए मतदाता के मुंह के सामने माइक लगा देने पर वह सब कुछ बिल्कुल सच-सच बता देगा। निश्चित रूप से एग्जिट पोल एक कहानी बताते हैं। लेकिन अंतिम नतीजे ही उस कहानी की सच्चाई तय करते हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



