जल्द शुरू किया जाएगा गोदावरी चरण-2 और 3 का काम

Ad

हैदराबाद, हैदराबाद शहर को 20 टीएमसी अतिरिक्त पानी पहुँचाने और मूसी पुनरुद्धार के लिए गोदावरी जल से नगरद्वय के जलाशयों को भरने के लिए जल बोर्ड के प्रबंध निदेशक अशोक रेड्डी ने अधिकारियों को 7,360 करोड़ रुपये की लागत से गोदावरी पेयजल आपूर्ति योजना चरण-2 और 3 परियोजना के मास्टर बैलेंसिंग जलाशय और जल उपचार संयंत्रों का काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

जलबोर्ड के प्रबंध निदेशक अशोक रेड्डी ने अधिकारियों के साथ परियोजना के तहत घनपुर में बन रहे मास्टर बैलेंसिंग जलाशय के निर्माण कार्य का दौरा किया। घनपुर से उस्मान सागर तक 56 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली दो-लाइन पाइपलाइन के निर्माण कार्य में किसी भी बाधा से बचने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। उन्होंने सड़क क्रॉसिंग और सुरंग निर्माण जैसे समस्याग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया।

मल्लन्ना सागर से दो चरणों में मिलेगा 20 टीएमसी अतिरिक्त पानी

इस अवसर पर एमडी ने अधिकारियों को घनपुर में बनने वाले 80 मिलियन लीटर क्षमता वाले मास्टर बैलेंसिंग जलाशय और जल उपचार संयंत्रों का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोदावरी पेयजल आपूर्ति योजना चरण-1 के अंतर्गत, जल बोर्ड शहर के लोगों की जल आवश्यकताओं के लिए येल्लमपल्ली परियोजना से पहले से ही 10 टीएमसी पानी स्थानांतरित कर रहा है।

नवीनतम योजना में मल्लन्ना सागर जलाशय से दो चरणों में 20 टीएमसी अतिरिक्त पानी का उपयोग करने की संभावना है। इन 20 टीएमसी में से 17.5 टीएमसी पानी शहर के लोगों की पेयजल आवश्यकताओं के लिए इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि शेष 2.5 टीएमसी पानी का उपयोग मूसी शुद्धिकरण के तहत दोनों जलाशयों को पुनर्जीवित करने के लिए किया जाएगा। इस परियोजना के दो लाभ हैं। एक, हैदराबाद के लोगों की प्यास बुझाना और दूसरा, मूसी की सफाई और दोनों जलाशयों को पुनर्जीवित करना।

घनपुर तक जाएगी 3000 मिमी व्यास की पाइपलाइन: अशोक रेड्डी

अशोक रेड्डी ने कहा कि इस परियोजना में पंप हाउस, सब-स्टेशन और मल्लन्ना सागर से घनपुर तक 3,000 मिमी व्यास की एक विशाल पाइपलाइन का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा, घनपुर और शमीरपेट में 1170 एमएलडी क्षमता वाले जल उपचार संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) का निर्माण किया जाएगा।

घनपुर से मुथांगी तक पंपिंग मेन लाइन के निर्माण के साथ-साथ अन्य कार्य भी किए जाएँगे। इस परियोजना का निर्माण दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है। गोदावरी पेयजल आपूर्ति योजना चरण-2 और 3 के माध्यम से 300 एमजीडी पानी की आपूर्ति की जाएगी। इस कार्यक्रम में परियोजना निदेशक टी.वी श्रीधर, मुख्य महाप्रबंधक महेश कुमार और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button