हैदराबाद : सीसीटीवी टेक्नीशियन सौरभ हत्याकांड में 4 गिरफ्तार

हैदराबाद, साइबराबाद की रायदुर्गम पुलिस ने सीसीटीवी टेक्नीशियन सौरभ कुमार यादव की हत्या के मामले में दो नाबालिगों समेत कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए माधापुर के पुलिस उपायुक्त रीतिराज ने बताया कि गत 10, 11 नवंबर की मध्यरात्रि मूल रूप से बिहार तथा रायदुर्गम के प्रशांति नगर में रहने वाले सीसीटीवी टेक्नीशियन सौरभ कुमार यादव (24) की हत्या के मामले में गोलकोंडा, टोली चौकी के पास रहने वाले मोहम्मद रेहान उर्फ रियान (19), मोहम्मद इब्राहिम अहमद (19) समेत 2 नाबालिगों को गिरफ्तार किया।
रीतिराज ने बताया कि घटना वाली रात सौरभ अपने काम से वापस लौट रहा था और जुबली हिल्स रोड नंबर 45 के पास दोपहिया पर सवार रिहान व इब्राहिम ने उसे लिफ्ट दी। दोपहिया से कुछ दूर जाने के बाद रोड नंबर 51 के पास आरोपियों ने सौरभ का सेलफोन खींचने की कोशिश की। इस दौरान, सौरभ ने दोनों की पिटाई कर दी, सड़क पर हंगामा तथा लोगों को इकठ्ठा होता देख आरोपी फरार हो गये।
सौरभ की पिटाई के बाद अस्पताल में मौत
आरोपियों ने रायदुर्गम के एफडीडीआई कॉलेज के पास मृतक को ट्रेस किया। आरोपियों ने सौरभ की पिटाई की और सेलफोन खींचकर फरार हो गए। डॉयल 100 के जरिये जानकारी मिलने के बाद सौरभ को एम्बुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ 13 नवंबर की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़े: चादरघाट के कुद्दूस हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार
पुलिस इस सिलसिले में पहले हत्या के प्रयास के तहत मामला दर्ज किया था और फिर हत्या की धारा में परिवर्तन किया। पूछताछ में आरोपियों ने सौरभ के सेलफोन को 2 हजार रुपये में सलमान उर्फ फराज नामक व्यक्ति को बेचने का भी खुलासा किया। आज सुबह सभी आरोपियों को हत्या के मामले में गिरफ्तार करते हुए न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



