हैदराबाद : 1.24 करोड़ का चीनी मांझा जब्त, 143 लोगों की गिरफ्तारी
हैदराबाद, मकर संक्रांति पर्व को ध्यान में रखते हुए नगर पुलिस ने प्रतिबंधित चीनी मांझे की बिक्री और इसके उपयोग पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष अभियान के तहत 1,24,52,000 रुपये का प्रतिबंधित चीनी मांझा जब्त किया। इस अभियान के तहत 103 मामले दर्ज कर 143 आरोपियों को गिरफ़्तार कर उनके पास से 6,226 बॉबीन प्रतिबंधित चीनी मांझा जब्त किया गया।
बंजारा हिल्स स्थित कमांड कंट्रोल सेंटर में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए नगर पुलिस आयुक्त वी.सी. सज्जनार ने बताया कि चीनी मांझे का उपयोग पशु-पक्षियों के लिए ही नहीं, बल्कि इंसानों के लिए भी प्राण घातक साबित हो रहा है। चीनी मांझे से लोगों के घायल होने की आए दिन घटनाएँ प्रकाश में आ रही है। प्रतिबंधित चीनी मांझे पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ही एक विशेष अभियान के तहत कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई के तहत दक्षिण-पश्चिम जोन में सर्वाधिक 34 मामले दर्ज कर 46 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 65.3 लाख रुपये मूल्य का 3,265 बॉबीन चीनी मांझा जब्त किया गया। दक्षिण जोन में 27 मामलों में 35 आरोपियों को गिरफ़्तार कर उनके पास से 37.22 लाख रुपये मूल्य का 1,861 बॉबीन चीनी मांझा जब्त किया गया।
यह भी पढ़ें… बड़े पैमाने पर आईपीएस अधिकारियों का स्थानांतरण
पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी ज़ोन में छापे और गिरफ्तारी
इसी प्रकार पूर्वी ज़ोन में दुकानों पर छापे मारकर 18 मामले दर्ज़ किए गए। इन मामलों के संबंध में 29 आरोपियों को गिरफ़्तार कर उनके पास से 6,02,000 रुपये का चीनी मांझा ज़ब्त किया गया। दक्षिण-पूर्वी ज़ोन में 9 मामले दर्ज़ कर 10 आरोपियों को गिरफ़्तार किया गया। उन्होंने बताया कि टास्क फोर्स पुलिस द्वारा प्रतिबंधित चीनी मांझे के खिलाफ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। विशेष अभियान के तहत टास्क फोर्स पुलिस ने 67 मामले दर्ज़ कर 87 आरोपियों को गिरफ़्तार किया गया।
आरोपियों के पास से 68.78 लाख रुपये का प्रतिबंधित चीनी मांझा ज़ब्त किया गया। उन्होंने बताया कि संक्रांति पर्व तक इस अभियान को जारी रखा जाएगा। संवाददाता सम्मेलन में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त एम. श्रीनिवासुलू, पुलिस उपायुक्त खरे किरण प्रभाकर, जी. चंद्रमोहन, गायकवाड़ वैभव रघुनाथ और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अंधे श्रीनिवास राव उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



