भविष्य में कांग्रेस से बीसी नेता बनेगा मुख्यमंत्री : महेश गौड़
हैदराबाद, प्रदेश कांग्रेस समिति (पीसीसी) अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने कहा कि सभी दक्षिणी राज्यों में पिछड़ा वर्ग (बीसी) नेता मुख्यमंत्री बन चुके हैं, लेकिन तेलुगु राज्यों में अभी तक कोई भी पिछड़ा वर्ग से मुख्यमंत्री नहीं बना है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि राहुल गांधी की आकांक्षा जनसंख्या के आधार पर अवसर के अनुसार भविष्य में कांग्रेस पार्टी से ही पिछड़ा वर्ग के नेता को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।
महेश कुमार गौड़ ने रवींद्र भारती में आज सरदार सर्वाई पापन्ना गौड़ महाराज की 375वीं जयंती पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस दौरान मंत्री पोन्नम प्रभाकर, निगम अध्यक्ष नूती श्रीकांत गौड़ सहित गौड़ संघ के नेताओं की मौजूदगी रही। अवसर पर महेश कुमार गौड़ ने कहा कि देश में सामाजिक न्याय के लिए राहुल गांधी सराहनीय संघर्ष कर रहे हैं। हाल ही में जंतर-मंतर पर बीसी को 42 प्रतिशत आरक्षण के लिए हुए महाधरने को सभी क्षेत्रों के नेताओं और लोगों ने भरपूर समर्थन दिया।
यह भी पढ़ें… अधिसूचना के बाद जुबली हिल्स प्रत्याशी का चयन : महेश
महेश कुमार गौड़ ने आलोचना करते हुए कहा कि विधानसभा में पिछड़े वर्गों के लिए 42 प्रतिशत आरक्षण का समर्थन करने वाली भाजपा दिल्ली में सहयोग नहीं दे रही है। उन्होंने रोष व्यक्त किया और आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी पिछड़े वर्गों के आरक्षण पर भ्रामक टिप्पणियाँ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में 42 प्रतिशत आरक्षण हर हाल में हासिल किया जाएगा। महेश कुमार गौड़ ने लोगों से शहर में ताड़ी दुकानों के बारे में फैलाए जा रहे झूठे प्रचार पर विश्वास न करने की अपील की। उन्होंने कुकटपल्ली घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि ताड़ी दुकानों के लिए ताड़ के पेड़ों की खेती को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





