अधिसूचना के बाद जुबली हिल्स प्रत्याशी का चयन : महेश
हैदराबाद, प्रदेश कांग्रेस समिति (पीसीसी) अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने कहा कि रिक्त पदों पर भर्ती करने का प्रयास कर रहे हैं। इससे संबंधित मशक्कत पूरी हो चुकी है और शीघ्र ही पदों पर भर्ती कर देंगे। उन्होंने जुबली हिल्स विधानसभा उप-चुनाव का जिक्र करते हुए बताया कि उम्मीदवार के चयन के लिए सर्वेक्षण किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिसूचना जारी होने के बाद ही उम्मीदवार का चयन किया जाएगा।
महेश कुमार गौड़ ने याद दिलाया कि केसीआर ने मौजूदा विधायक के निधन पर चुनाव न लड़ने की परंपरा तोड़ी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के साथ-साथ जुबली हिल्स उप चुनाव में भी कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है। महेश गौड़ ने आज गांधी भवन में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ औपचारिक बातचीत के दौरान बताया कि आलाकमान के आदेश पर उन्होंने जनहित पदयात्रा शुरू की, जिसे भारी जन समर्थन मिल रहा है।
भाजपा पर निशाना, कांग्रेस से पिछड़ा वर्ग सीएम का दावा
पहले हमने बस यात्रा करने की योजना बनाई थी, फिर इसे पदयात्रा में बदल दिया। पदयात्रा में सीएम, डिप्टी सीएम और मंत्री भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि लोगों से पेंशन के लिए अधिक आवेदन मिल रहे हैं। वे हर महीने कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में जनहित पदयात्रा करेंगे। पदयात्रा का दूसरा चरण इस महीने के आखिरी हफ्ते में होगा।
महेश कुमार गौड़ ने आगे कहा कि 42 प्रतिशत पिछड़ा वर्ग आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी की प्रतिबद्धता पर संदेह करने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि किशन रेड्डी गुजरात, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मुसलमानों को दिए गए आरक्षण के बारे में बात क्यों नहीं कर रहे हैं।
महेश ने टिप्पणी की कि बंडी संजय, ईटेला राजेंदर और अरविंद की चुप्पी पिछड़ा वर्ग के लिए हानिकारक होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा में पिछड़ा वर्ग विधेयक का समर्थन करने वाली भाजपा केंद्र में इस विधेयक को पारित नहीं होने दे रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि रांची दौरे के कारण राहुल गांधी ने जंतर-मंतर के धरने में भाग नहीं लिया।
हालांकि, खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी एआईसीसी कार्यालय में पिछड़ा वर्ग आरक्षण पर दिए गए पॉवर पाइंट प्रेजेंटेशन में मौजूद थे। उन्होंने दोहराया कि सरकार पिछड़ा वर्ग आरक्षण को लेकर गंभीर है। कुछ ही दिनों में पार्टी के पीएसी की बैठक होगी और उस बैठक में पिछड़ा वर्ग आरक्षण के मुद्दे पर निर्णय लिया जाएगा।
तेलंगाना में पिछड़ा वर्ग का सीएम तय, कांग्रेस का दावा
पीसीसी अध्यक्ष ने आगे कहा कि तेलंगाना में एक पिछड़ा वर्ग का मुख्यमंत्री होना तय है और वह कांग्रेस में होगा। उन्होंने कहा, कुछ लोग यह दुष्प्रचार कर रहे हैं कि मुख्यमंत्री और मेरे बीच मतभेद हैं। यह सच नहीं है। हम दोनों के बीच अच्छे संबंध होने के चलते ही आरक्षण मुद्दे पर मिलकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि रेवंत रेड्डी का यह कहना कि वह दस साल तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे… इसमें कुछ भी गलत नहीं है।
यह भी पढ़े : महिला मंत्रियों ने सीएम रेवंत रेड्डी को बांधी राखी
हमारी सरकार पर जनता में विश्वास बढ़ाने के लिए सीएम का इस तरह का बयान अच्छा ही है। इससे पहले, क्विट इंडिया दिवस के अवसर पर महेश कुमार गौड़ ने गांधी भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संविधान को बदलने तथा कांग्रेस के इतिहास को मिटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा, संवैधानिक संस्थाओं के माध्यम से विपक्षी दलों पर हमला करने की साजिश कर रही है। चुनाव आयोग भाजपा का संबद्ध निकाय बन गया है। यदि कोई भाजपा से सवाल करता है तो उसे देशद्रोही करार दिया जाता है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



