दिल्ली दौरों से सीएम ने क्या हासिल किया केटीआर ने की श्वेत पत्र की माँग


हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति (भारास) कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री कल्वाकुंट्ला तारक रामाराव ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मांग करते हुए कहा कि 20 महीने के शासन में 50 बार दिल्ली दौरा करने के बावजूद तेलंगाना के लिए क्या हासिल किया है, इस पर श्वेत-पत्र जारी करें।
केटीआर ने जारी बयान में मुख्यमंत्री की आलोचना करते हुए कहा कि दिल्ली दौरों की हाफ सेंचुरी करने वाले मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी शासक नहीं, टूरिस्ट मुख्यमंत्री बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि रेवंत रेड्डी के तीन बॉस हैं जिनके बंधुआ बनकर उन्होंने तेलंगाना के आत्मगौरव को गिरवी रख दिया है।
केटीआर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पहले बॉस हैं जिन्हें नोटों की थैलियां देकर अपना पद बचा रहे हैं वहीं दूसरे बॉस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं जिनके नजदीकी व्यापारियों को तेलंगाना में प्राथमिकता देकर केसों से बचने के प्रयास कर रहे हैं और तीसरे बॉस आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायुडू हैं जिनकी प्रस्तावित गोदावरी बनकाचर्ला लिंक परियोजना को सहयोग करके तेलंगाना की जलसंपदा लुटाने पर तुले हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के किसान यूरिया के लिए परेशान हैं, फसलों पर न्युनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) नहीं मिलने से किसान हताश हैं लेकिन मुख्यमंत्री को दिल्ली दौरों से फुर्सत नहीं है। (हिंदी मिलाप एडिशन)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



