केटीआर ने जेल में बंद बीआरएस नेताओं से मुलाकात की

हैदराबाद, भारत राष्ट्र समिति के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामाराव ने भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार से मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के उस कथित बयान पर अपना रुख स्पष्ट करने की माँग की है, जिसमें उन्होंने दिल्ली स्थित कांग्रेस हाईकमान को 1,000 करोड़ रुपये स्थानांतरित करने की तैयारी की बात कही थी। केटीआर ने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री खुलकर बयान दे रहे हैं तो दूसरी ओर ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियां चुप्पी साधे हुए हैं।

आदिलाबाद में जेल में बंद पूर्व सांसद एवं विधायक बालका सुमन व अन्य पार्टी नेताओं से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए केटीआर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सार्वजनिक रूप से यह आरोप लगाने के बाद भी कि तेलंगाना में कांग्रेस सरकार आरआर टैक्स वसूल रही है, केंद्र की भाजपा सरकार मौन बनी हुई है। उन्होंने सवाल किया कि यदि मुख्यमंत्री खुले तौर पर भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, तो केंद्रीय एजेंसियों ने कार्रवाई क्यों नहीं शुरू की।

कांग्रेस तेलंगाना के संसाधनों को दिल्ली की ओर मोड़ने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने टिप्पणी की कि कैश फॉर वोट मामले में रंगे हाथ पकड़े गए रेवंत रेड्डी अब अप्रत्यक्ष रूप से कांग्रेस सरकार की भ्रष्ट प्रथाओं को स्वीकार कर रहे हैं। राज्य सरकार पर किसानों के कल्याण की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए केटीआर ने कहा कि बीआरएस शासन के दौरान दिसंबर में प्रस्तावित रैतु भरोसा वित्तीय सहायता मार्च तक भी जारी नहीं की गई।

लंबित नगरपालिकाओं के अध्यक्ष का चुनाव सीसीटीवी निगरानी में कराने की माँग

बीआरएस नेता केटीआर ने राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) से केतनपल्ली, इब्राहिमपट्टनम और खानापुर नगरपालिकाओं के अध्यक्षों के चुनाव वरिष्ठ अधिकारियों और सीसीटीवी निगरानी में लोकतांत्रिक तरीके से कराने का आग्रह किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पुलिस अधिकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी बदतर तरीके से व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गलत काम करने वालों को भुलाया नहीं जाएगा, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वे परिणाम भुगतें।

केटीआर ने कहा कि बीआरएस नेताओं पर झूठे मामले दर्ज किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यभर में नगर निकाय चुनावों के दौरान कांग्रेस और भाजपा की कथित अनियमितताओं के बावजूद जनता ने उन्हें सबक सिखाया है। उन्होंने कांग्रेस पर पार्टी उम्मीदवारों को धमकाने, डराने और हमला करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विभिन्न नगरपालिकाओं में कांग्रेस की अराजकता और कदाचार पूरे राज्य ने देखा, जिसने जनता के जनादेश का मजाक उड़ाया। केटीआर ने कहा कि बीआरएस कथित अवैध मामलों के खिलाफ अदालतों में लड़ाई लड़ेगी। पार्टी को न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है।

यह भी पढ़ें… दुर्घटना बीमा और कैशलेस एम्पालाई हेल्थ स्कीम

निर्माण कार्य तेज करने की सरकार से की मांग

केटीआर ने आदिलाबाद के आईटी टॉवर का भी दौरा किया। इस दौरान पूर्व मंत्री जोगु रामन्ना, वेमुला प्रशांत रेड्डी और अन्य नेता उनके साथ थे। केटीआर ने सरकार से मांग की कि आदिलाबाद में आईटी टॉवर के निर्माण कार्य में तेजी लायी जाए। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि निर्माण का प्रथम चरण वर्तमान में प्रगति पर है और इससे लगभग 700 युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। दूसरे चरण के पूरा होने पर यह सुविधा 6,000 से 7,000 लोगों को रोजगार प्रदान कर सकती है।

केटीआर ने राज्य सरकार से यह भी अपील की कि न केवल आगामी आदिलाबाद आईटी टॉवर में, बल्कि पहले से निर्मित निजामाबाद आईटी टॉवर में भी रिक्तियां बनी हुई हैं, जिन्हें तुरंत भरा जाना चाहिए। केटीआर ने आदिलाबाद स्थित सीमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया कारखाने का मुद्दा उठाते हुए केंद्र और राज्य दोनों सरकारों पर इसे पुनः शुरू करने में विफल रहने का आरोप लगाया। जिला दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए पूर्व आश्वासन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब उस वादे को पूरा करने की जिम्मेदारी भाजपा सांसदों और विधायकों पर है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button