फिल्टर के पीछे खोती पहचान

लड़कियों के लिए यह कोई भावुक अपील नहीं, बल्कि एक ज़रूरी सच है। सुंदर दिखने की इस दौड़ में वे कहीं खुद को खो न बैठे, यह चिंता अब व्यक्तिगत नहीं रही, यह एक सामाजिक संकट बनती जा रही है। आज का समय ऐसा है जहाँ आईना हमारे कमरे की दीवार पर नहीं, बल्कि हमारे मोबाइल की स्क्रीन में बसता है और यह आईना सच्चाई नहीं दिखाता, बल्कि वह दिखाता है जो दिखाना चाहता है। इस आभासी दुनिया में सुंदरता अब स्वाभाविक नहीं, बल्कि एक प्रोजेक्ट है-जिसे एडिट किया जाता है, फिल्टर लगाया जाता है और लाइक्स व व्यूज़ के पैमाने पर नापा जाता है।

यह मान लेना गलत होगा कि सोशल मीडिया केवल मनोरंजन का माध्यम है। यह अब एक मनोवैज्ञानिक संरचना बन चुका है, जो हमारी सोच, हमारी पसंद, हमारे आत्मविश्वास और हमारी पहचान को धीरे-धीरे आकार दे रहा है। खासकर युवतियों के लिए यह एक ऐसा दबाव रचता है, जिसमें वे अनजाने में खुद को किसी और के साँचे में ढालने लगती हैं। हर दिन किसी और की परफेक्ट तस्वीर देखकर अपने चेहरे में कमी ढूंढना, हर स्टोरी के बाद यह सोचना कि कितने लोगों ने देखा, कितनों ने तारीफ की-यह सब एक खतरनाक आदत में बदलता जा रहा है।

तारीफ न मिलने पर आत्मसम्मान में गिरावट

वैलिडेशन की यह भूख बहुत सूक्ष्म होती है। शुरुआत में यह सामान्य लगती है-थोड़ी सी तारीफ, कुछ अच्छे कमेंट्स, कुछ लाइक्स। लेकिन धीरे-धीरे यही ज़रूरत बन जाती है। जब तारीफ नहीं मिलती, तो बेचैनी होती है, खुद पर संदेह होता है और आत्मसम्मान डगमगाने लगता है। यह वही क्षण है जब एक लड़की, जो भीतर से मजबूत और आत्मनिर्भर हो सकती थी, बाहरी प्रतिक्रियाओं पर निर्भर होने लगती है। यह निर्भरता मानसिक थकान और अवसाद की ओर ले जाती है, लेकिन विडंबना यह है कि यह सब एक मुस्कुराती हुई तस्वीर के पीछे छुपा रहता है।

सोशल मीडिया पर जो दिखता है, वह पूरा सच नहीं होता। यहाँ हर कोई अपने जीवन का सबसे अच्छा हिस्सा ही दिखाता है। कोई अपने अकेलेपन की तस्वीर नहीं डालता, कोई अपने डर या असफलता को सार्वजनिक नहीं करता। इसलिए जब आप किसी को हमेशा खुश, प्रेम में डूबा या सफल देखते हैं, तो यह समझना ज़रूरी है कि वह पूरी कहानी नहीं है। यह केवल एक चुना हुआ फ्रेम है, जिसमें बाकी की सच्चाई जान-बूझकर काट दी गई है।

सबसे बड़ा खतरा यह है कि इस आभासी तुलना के कारण आप खुद को कम आंकने लगते हैं। आपको लगता है कि शायद आप उतनी सुंदर नहीं, उतनी खुश नहीं, उतनी सफल नहीं। जबकि सच्चाई यह है कि आप अपनी जगह परिपूर्ण हो। आपकी सादगी, आपकी सोच, आपका स्वभाव-ये सब आपकों अद्वितीय बनाते हैं। लेकिन जब आप किसी और की तरह बनने की कोशिश करते हो, तो आप अपनी ही पहचान को कमजोर कर लेते हो।

यह भी पढ़ें… नियमों से नहीं, रोज़मर्रा के व्यवहार से तय होगा शहरों का भविष्य

तुलना और प्रतिस्पर्धा से घटती सकारात्मकता

आज की दुनिया में ट्रेंड एक नया धर्म बन चुका है। जो ट्रेंड में है, वही सही माना जाता है। लेकिन हर ट्रेंड आपके लिए नहीं बना होता। कई बार ये ट्रेंड्स आपकी सेहत, आपके आत्मसम्मान और आपकी मानसिक शांति पर भारी पड़ते हैं। यह भी सच है कि सोशल मीडिया ने अभिव्यक्ति के नए रास्ते खोले हैं। लेकिन जब यह अभिव्यक्ति तुलना और प्रतिस्पर्धा में बदल जाती है, तो यह अपनी सकारात्मकता खो देती है। जब हर पोस्ट एक प्रदर्शन बन जाए, हर तस्वीर एक संदेश बन जाए कि मैं खुश हूँ, तो यह स्वाभाविक जीवन नहीं रह जाता, बल्कि एक अभिनय बन जाता है।

इस पूरे परिदृश्य में सबसे जरूरी है खुद से जुड़ाव। यह समझना कि आपकी असली कीमत लाइक्स और कमेंट्स से तय नहीं होती। आपकी पहचान किसी ट्रेंड या फिल्टर से बड़ी है। यह जरूरी नहीं कि आप हर दिन अपनी ज़िंदगी को साबित करो। यह भी जरूरी नहीं कि हर खुशी को दिखाया जाए और हर दुख को छुपाया जाए। असल ज़िंदगी उस छह इंच की स्क्रीन से कहीं बड़ी है। वहाँ रिश्ते हैं, जो बिना फिल्टर के चलते हैं।

वहाँ भावनाएँ हैं, जो बिना एडिट के सामने आती हैं। वहाँ संघर्ष है, जो सिखाता है और वहाँ सुकून है, जो बिना किसी लाइक के भी संतोष देता है। लेकिन जब हम इस असली दुनिया से ज्यादा समय उस आभासी दुनिया में बिताने लगते हैं, तो धीरे-धीरे हमारा संतुलन बिगड़ने लगता है। यह समय है रुककर सोचने का। यह पूछने का कि क्या हम सच में जी रहे हैं, या सिर्फ दिखा रहे हैं कि हम जी रहे हैं। क्या हमारी खुशी सच्ची है, या केवल एक पोस्ट के लिए बनाई गई है। यह सवाल आसान नहीं हैं, लेकिन इनका सामना करना जरूरी है।

दूसरों की नजर नहीं, खुद की सोच मायने रखती

आपको यह तय करना होगा कि आप असलियत में कैसी ज़िंदगी चाहते हो-एक ऐसी जो दूसरों की नजरों में परफेक्ट लगे, या एक ऐसी जो आपको भीतर से सुकून दे। क्योंकि अंत में वही मायने रखता है जो आप अपने बारे में महसूस करते हैं, न कि दुनिया आपको कैसे देखती है।सादगी कोई कमी नहीं है, यह एक शक्ति है। आज के इस दिखावे के दौर में सादा रहना, खुद जैसा रहना, सबसे बड़ा साहस है।

डॉ. प्रियंका सौरभ
डॉ. प्रियंका सौरभ

खुद से प्रेम करना सीखो। यह कोई क्लिशे बात नहीं, बल्कि एक मानसिक आवश्यकता है। जब आप खुद को स्वीकार करते हो, तो आपको किसी और की स्वीकृति की जरूरत नहीं रहती। आप अपनी असफलताओं को भी सहजता से स्वीकार कर सकते हो, क्योंकि आपको पता होता है कि आपकी कीमत केवल सफलताओं से ही तय नहीं होती। इसलिए, अगली बार जब आप सोशल मीडिया खोलो, तो यह याद रखना कि यह केवल एक हिस्सा है, पूरी ज़िंदगी नहीं। यह एक मंच है, लेकिन आपकी असली कहानी इसके बाहर लिखी जाती है। वहाँ, जहाँ आप बिना किसी डर के, बिना किसी तुलना के, बस अपने जैसे हो सकते हो। याद रखना सुंदर दिखने से ज्यादा जरूरी है सच्चा होना। और सच्चा वही होता है, जो खुद के करीब होता है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button