लोकभवन में मनाया गया महाराष्ट्र और गुजरात स्थापना दिवस

हैदराबाद, लोकभवन में आज एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत महाराष्ट्र और गुजरात का स्थापना दिवस मनाया गया। राज्यपाल ने दोनों राज्यों के निवासियों को बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए इस बात पर जोर दिया कि विविधता में एकता ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत की पहल विभिन्न राज्यों के नागरिकों के बीच आपसी समझ को गहरा करने और राष्ट्रीय अखंडता को मजबूत करने का सबसे सशक्त माध्यम है।

राज्यपाल ने पश्चिम भारत के सर्वांगीण विकास में महाराष्ट्र और गुजरात की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि दोनों राज्यों ने सांस्कृतिक, आर्थिक और औद्योगिक क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज की वीरता का स्मरण करते हुए कहा कि उनके साहस ने महाराष्ट्र को गौरव प्रदान किया, जबकि वहाँ की समृद्ध भक्ति परंपरा ने समाज के आध्यात्मिक ताने-बाने को नई ऊर्जा दी। उन्होंने गुजरात को महात्मा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे युगपुरुषों की जन्मस्थली बताते हुए कहा कि इस राज्य ने हमेशा सेवा, नवाचार और अटूट इच्छाशक्ति के साथ राष्ट्र का मार्गदर्शन किया।

यह भी पढ़ें… एआई सहायक करेंगे रेल यात्रियों का मार्गर्शन

‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ विजन की सराहना

राज्यपाल ने आदि शंकराचार्य का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सदियों पहले भारत की सांस्कृतिक और भौगोलिक एकता को जोड़ने का कार्य किया था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना करते हुए कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत के माध्यम से राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को प्रगाढ़ किया जा रहा है। राज्यपाल ने हैदराबाद में निवास कर रहे महाराष्ट्र और गुजरात के लोगों की विशेष प्रशंसा की, जो सांस्कृतिक जड़ों को संजोते हुए तेलंगाना के विकास में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।

समारोह के दौरान महाराष्ट्र और गुजरात के राज्यपालों के विशेष संदेशों को डिजिटल क्रीन पर प्रदर्शित किया गया। इसके उपरांत आयोजित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम में राज्य की प्रथम महिला जानकी शुक्ला, राज्यपाल के विशेष मुख्य सचिव एम. दाना किशोर, पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) महेश भागवत, टीजीएफडीसी प्रबंध निदेशक सुनीता भागवत, कैट सदस्य डॉ. लता बसवराज पाटने, प्रधान महालेखाकार चंदा पंडित, गुजराती प्रगति समाज के प्रतिनिधि महेश पटेल व अन्य उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button