ओयू परिसर में पर्यावरण अनुकूल वाहनों का नया बेड़ा शामिल
हैदराबाद, उस्मानिया विश्वविद्यालय ने स्थायी शहरी पारिस्थितिकी की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अपने परिसर में पर्यावरण के अनुकूल वाहनों का नया बेड़ा शामिल किया है। इस पहल को मुख्य रूप से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का सहयोग मिला है, जिसने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व शाखा के तहत विश्वविद्यालय को 10 लाख रुपए की लागत वाली दो इलेक्ट्रिक बग्गियां प्रदान की हैं।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रशासनिक भवन में आयोजित समारोह के दौरान इन बैटरी चालित वाहनों को विश्वविद्यालय को सौंपा गया। इनका उपयोग अतिथियों और प्रशासनिक कर्मचारियों के लिए परिसर में उत्सर्जन मुक्त परिवहन सुनिश्चित करने के लिए किया जाएगा। कुलपति प्रो. कुमार मोलुगारम ने इस सहयोग के लिए यूनियन बैंक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करने के लिए संकल्पित है। यह सहयोग कार्बन फुटप्रिंट घटाने की उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य ऐसे उच्च मानक स्थापित करना है कि किस प्रकार प्रमुख शैक्षणिक संस्थान ऊर्जा संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभा सकते हैं।
यह भी पढ़ें… एआई पर बनेगी समिति : मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी
विश्वविद्यालय में चक्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा
यूनियन बैंक के मुख्य महाप्रबंधक और आंचलिक प्रमुख एम. रविंद्र बाबू ने इस साझेदारी पर गर्व व्यक्त करते हुए उस्मानिया विश्वविद्यालय के दीर्घकालीन सतत विकास लक्ष्यों का समर्थन करने के लिए बैंक की प्रतिबद्धता जताई। अवसर पर चक्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय ने कुछ अन्य वाहन भी लांच किए। इनके अंतर्गत ओयू महालक्ष्मी बायोगैस प्लांट के लिए 9 लाख रुपये का एक इलेक्ट्रिक चार पहिया वाहन शामिल किया गया है।
इसे केपीएमजी के सहयोग से उपलब्ध कराया गया है। यह वाहन परिसर के बगीचों में जैविक खाद आदि के वितरण को सुगम बनाएगा। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के व्यापक हरित क्षेत्रों और वनस्पति उद्यानों के रखरखाव को बेहतर बनाने के लिए नया ट्रैक्टर भी उपलब्ध कराया गया है। कार्यक्रम में यूनियन बैंक उप महाप्रबंधक बी. भास्कर, विद्यानगर शाखा प्रमुख के. सुनील कुमार, ओयू रजिस्ट्रार प्रो. जी. नरेश रेड्डी सहित शैक्षणिक तथा गैर शैक्षणिक कर्मचारी एवं अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



