हैदराबाद की उद्यमिता पर केंद्रित होगा टाई शिखर सम्मेलन

हैदराबाद, स्टार्टअप उद्योग के जुड़े संगठन टाई का अगला शिखर सम्मेलन हैदराबाद और तेलंगाना की उद्यमिता पर केंद्रित होगा। आगामी 31 अक्तूबर और 1 नवंबर को हाईटेक्स में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में जहाँ नया आकार ले रहे स्टार्टअप उद्योग के भविष्य पर चर्चा होगी, वहीं अच्छा प्रदर्शन करने वाले 12 उद्यम एवं उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा।
यहाँ होटल मर्क्यूर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए टाइ हैदराबाद के संयोजक राजेश पगडाला ने बताया कि अगले दशक के लिए शहर की उद्यमशीलता के रोडमैप को परिभाषित करने के लिए टाई सबसे बड़े स्टार्टअप और नवाचार शिखर सम्मेलन के आयोजन की तैयारियाँ कर रहा है। हाईटेक्स, माधापुर में दो दिवसीय हैदराबाद उद्यमिता शिखर सम्मेलन (एचईएस) में व्यापार और नवाचार के भविष्य को आकार देने वाले प्रतिभाशाली दिमाग एक साथ मंच साझा करेंगे।
इसमें सौ से अधिक वक्ता और 15 हज़ार से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि टाई ग्लोबल का हैदराबाद चैप्टर उभरते और पारंपरिक क्षेत्रों में उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के साथ साथ नयेन-नये क्षेत्रों में समाधान तलाश कर रहे स्टार्टअप को प्रोत्साहित कर रहा है। उन्होंने बताया कि हैदराबाद आज नवाचार और वैश्विक अवसरों के लिए बाहें पसारे खड़ा है। प्रौद्योगिकी, प्रतिभा और दृढ़ता के अपने मिश्रण के साथ यह शहर अगले दशक के लिए भारत की उद्यमशीलता की लहर का नेतृत्व करने के लिए तैयार है।
यह भी पढ़ें… गूगल ने आंध्र प्रदेश में एआई हब में 15 अरब डॉलर का निवेश
हैदराबाद स्टार्टअप्स की उड़ान और नवाचार की लहर
राजेश पगड़ाला ने कहा कि शिखर सम्मेलन में 20 से अधिक फोकस क्षेत्रों पर चर्चा की जाएगी, जिनमें एआई और डीप टेक, विनिर्माण और इंजीनियरिंग, जीवन विज्ञान, स्वास्थ्य तकनीक, फिनटेक, निवेश और वित्त पोषण, रियल एस्टेट और बुनियादी ढांचा, रक्षा और एयरोस्पेस, स्थिरता, कृषि और खाद्य तकनीक, पारिवारिक व्यवसाय, जीसीसीएस और कॉर्पोरेट नवाचार, लॉजिस्टिक्स और आपूर्ति श्रृंखला, ऑटोमोटिव और मोबिलिटी, खुदरा और उपभोक्ता तकनीक, मीडिया और मनोरंजन, शिक्षा और एडटेक, साइबर सुरक्षा, क्लाउड कंप्यूटिंग, महिला, छात्र और सामाजिक उद्यमिता, नीति और विनियमन, और कानूनी और आईपी शामिल हैं।
शिखर सम्मेलन के दौरान 80 स्टॉलों के साथ स्टार्टअप एक्सपो में निवेशकों, नवप्रवर्तकों, इनक्यूबेटरों और कॉरपोरेट्स के पारिस्थितिकी तंत्र को प्रदर्शित किया जाएगा। अवसर पर एक पुरस्कार समारोह भी होगा, जिसमें 12 श्रेणियों में उद्यमियों को मान्यता प्रदान की जाएगी।
एक प्रश्न के उत्तर में टाई संयोजक ने कहा कि हैदराबाद के टेक स्टार्टअप्स की पिछले वर्ष फंडिंग में 160 प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि देखी गई, जो 81 राउंड में 571 मिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुँच गई। जिस रफ्तार से हैदराबाद में स्टार्टअप गतिविधियां बढ़ी हैं, उससे स्पष्ट है कि यह देश के नंबर वन स्टार्टअप शहर के रूप में बैंगलूरू बाज़ी मार ले जाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



