राखी के धागे ने ड्यूटी और दूरी को दी मात

Ad

हैदराबाद, राखी पूर्णिमा के दिन हर बहन अपने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधने के लिए बेसब्र होती है, परंतु कभी-कभी ड्यूटी और जिम्मेदारियां इस मिलन में दीवार बन जाती हैं, लेकिन भाई-बहन का रिश्ता इन दीवारों को भी तोड़ देता है। ऐसा ही भावुक नजारा आज रामायमपेट बस स्टेशन पर देखने को मिला।

कामारेड्डी डिपो के आरटीसी ड्राइवर जी.एस. नारायण त्योहार पर अपना कर्तव्य निभाने की वजह से रक्षा बंधन मनाने के लिए छुट्टी नहीं ले सके। उधर, बहन भाई को राखी बांधने के लिए बेचैन हो रही थी, ऐसे में तय समय और रूट के मुताबिक उनकी बस रामायमपेट बस स्टेशन पर पहुंची, तभी वहां मौजूद भीड़ के बीच से शारदा नामक महिला हाथ में राखी और मिठाई का डिब्बा लेकर नारायण के पास पहुंची।

बस कुछ मिनटों के ठहराव के दौरान शारदा ने मुस्कान और आशीर्वाद के साथ भाई की कलाई पर राखी बांधी, मिठाई खिलाई और उनकी लंबी उम्र की कामना की। इसके बाद भाई की आंखों में गर्व और बहन की आंखों में स्नेह छलक आया। इसी बीच, आसपास खड़े यात्री इस अनोखी मुलाकात को देख भावुक हो गए।

यह भी पढ़े : राजभवन में मनाया गया रक्षाबंधन पर्व

वहीं, किसी यात्री ने सेलफोन से वीडियो बना लिया, जिसके वायरल होने के बाद हर कोई कर्तव्य व रिश्ते की पवित्रता को नमन कर रहा है। कुछ देर के लिए बस स्टेशन का परिसर पारिवारिक आंगन की तरह लग रहा था, जहां राखी के धागे ने ड्यूटी और दूरी दोनों को मात दे दी।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button