टीवीके से समर्थन के लिए अनुरोध मिला, जल्द फैसला करेंगे : थोल थिरुमावलवन

नई दिल्ली: तमिलनाडु में सबसे बड़ी पार्टी बनने के बाद थलापति विजय की पार्टी टीवीके ने सरकार बनाने की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में टीवीके ने कांग्रेस से समर्थन देने की अपील की है। इस मामले पर अब कांग्रेस की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि विजय की टीवीके ने आधिकारिक रूप से उनकी पार्टी से समर्थन मांगा है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य कांग्रेस नेताओं को विजय के अनुरोध पर निर्णय लेने का निर्देश दिया गया है।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी टीवीके (TVK) के सरकार गठन प्रयासों ने राज्य की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। अभिनेता और टीवीके प्रमुख द्वारा समर्थन मांगे जाने के बाद वामपंथी दलों और वीसीके ने 8 मई को अहम बैठकें बुलाने का फैसला किया है।
टीवीके ने 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटों पर जीत दर्ज की है, लेकिन बहुमत के आंकड़े से अभी भी पीछे है। विजय के दो सीटों में से एक सीट छोड़ने की संभावना के चलते सदन की प्रभावी संख्या 233 हो जाएगी और बहुमत का आंकड़ा 117 रह जाएगा। ऐसे में सरकार बनाने के लिए टीवीके को कम से कम 10 और विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी।
वीसीके, सीपीआई और सीपीएम के पास कुल छह विधायक हैं। इनमें वीसीके, सीपीआई और सीपीएम के दो-दो विधायक शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस के पांच विधायकों का समर्थन मिलने पर टीवीके 118 के आंकड़े तक पहुंच सकती है, जो बहुमत के लिए पर्याप्त होगा। ये सभी दल अब तक डीएमके के नेतृत्व वाले सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस का हिस्सा रहे हैं।
सीपीआई के राज्य सचिव ने कहा कि पार्टी को विजय की ओर से सरकार गठन के लिए समर्थन मांगने वाला पत्र मिला है। उन्होंने बताया कि 8 मई को होने वाली कार्यकारिणी बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा की जाएगी, जिसके बाद राज्य परिषद अंतिम फैसला लेगी।
वहीं, सीपीएम सूत्रों के मुताबिक पार्टी भी शुक्रवार को होने वाली राज्य समिति की बैठक में विजय के अनुरोध पर निर्णय लेगी। हालांकि, सीपीएम के राज्य सचिव ने डीएमके अध्यक्ष से मुलाकात के बाद कहा कि भाजपा नीत केंद्र सरकार के खिलाफ तमिलनाडु में धर्मनिरपेक्ष दलों की एकजुटता बनी रहनी चाहिए।

वीसीके अध्यक्ष ने कहा कि विजय के अनुरोध पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श शुरू कर दिया गया है। इसी कारण पार्टी की उच्चस्तरीय समिति की बैठक, जो गुरुवार को होने वाली थी, अब शुक्रवार तक स्थगित कर दी गई है। इस बीच, कांग्रेस ने 6 मई को तमिलनाडु में सरकार गठन के लिए टीवीके को सशर्त समर्थन देने की घोषणा की थी। अब सभी की नजरें 8 मई को होने वाली बैठकों पर टिकी हैं, जहां तमिलनाडु की नई राजनीतिक दिशा तय हो सकती है।
टीवीके बहुमत का आंकड़ा पार नहीं कर सकी
- बता दें कि टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, लेकिन वह बहुमत का आंकड़ा पार नहीं कर पाई। तमिलनाडु विधानसभा में साधारण बहुमत के लिए 118 सीटों की आवश्यकता है।
- टीवीके को 108 सीटें मिलीं, जो बहुमत से लगभग 10 कम थीं। डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन को 73 सीटें मिलीं। डीएमके ने 59 सीटों पर जीत हासिल की।
- कांग्रेस ने जिन 28 सीटों पर चुनाव लड़ा, उनमें से पांच पर जीत दर्ज की। वीसीके, सीपीआई और सीपीआई(एम) ने दो-दो सीटें जीतीं।
तमिलनाडु में सरकार गठन के लिए टीवीके ने भाकपा से समर्थन मांगा
अब टीवीके के सामने छोटी पार्टियों का समर्थन जुटाना ही एकमात्र विकल्प बचा है। इसी रणनीति के तहत पार्टी वामदलों की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। टीवीके के उप महासचिव सीटी निर्मल कुमार ने कहा कि आधिकारिक पत्र भेजने के अलावा पार्टी के प्रतिनिधि सीपीआई और सीपीएम नेताओं से सीधे मुलाकात कर समर्थन मांग रहे हैं।
तमिलनाडु की राजनीति में अब सबकी नजरें वामदलों और अन्य सहयोगी दलों के अगले कदम पर टिकी हैं, क्योंकि उनके फैसले से ही राज्य में नई सरकार का रास्ता तय हो सकता है।
वीसीके ने भी समर्थन देने पर कोई निर्णय नहीं लिया
इससे पहले दिन में, वीसीके अध्यक्ष थोल थिरुमावलवन ने कहा कि पार्टी ने विजय को समर्थन देने के बारे में कोई निर्णय नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी कदम वामपंथी सहयोगियों से परामर्श के बाद ही उठाया जाएगा। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



