गांधी का नाम हटाना अलोकतांत्रिक : महेश

हैदराबाद, प्रदेश कांग्रेस समिति (पीसीसी) अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने कहा कि राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाना अलोकतांत्रिक है। उन्होंने कहा कि अगर गांधी परिवार का नाम लेने पर बीजेपी नेताओं के दिलों की धड़कनें तेज हो रही हैं। रोजगार गारंटी योजना से गांधी का नाम हटाने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस द्वारा आज सिकंदराबाद एमजी रोड पर विरोध प्रदर्शन किया गया।
इसमें भाग लेते हुए पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि मोदी और अमित शाह में गांधी परिवार का सामना करने की हिम्मत नहीं है। गांधी का नाम लिया तो लोगों के दिलों में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी होंगे। देश के लोगों के दिलों में गांधी का नाम हमेशा याद रहेगा।
बीजेपी की नीतियों पर हमला, कांग्रेस ने सत्ता में वापसी का भरोसा जताया
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को 100 दिनों का रोजगार देने के लिए योजना लायी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 में सत्ता में आई बीजेपी सरकार इस योजना की निधियों में लगातार कटौती कर रही है। उन्होंने कांग्रेस के पुराने आरोपों को दोहराया और कहा कि बीजेपी देश का संविधान बदलने और मनुस्मृति लागू करने की कोशिश कर रही है। सोनिया गांधी परिवार के खिलाफ बदले की भावना से केस दर्ज करते हुए गांधी और नेहरू की विरासत को मिटाने की कोशिश भी लगातार जारी है।
महेश कुमार गौड़ ने कहा कि मोदी और अमित शाह की साजिशें धर्मनिरपेक्ष देश में सफल नहीं होंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग जाति और धर्म के नाम पर राजनीति करते हैं, उन्हें जनता सबक सिखाएगी और हाल ही में हुए पंचायत चुनावों में बीजेपी को ऐसा ही सबक मिला है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि अगले चुनावों में कांग्रेस केंद्र में सत्ता में आयेगी और राहुल गांधी अवश्य प्रधानमंत्री बनेंगे। इस विरोध प्रदर्शन में मंत्री श्रीधर बाबू, श्रीहरि, विवेक, जुपल्ली कृष्णा राव, पोन्नम प्रभाकर, अज़हरुद्दीन, विधायक वेड्मा बोज्जू व पार्टी नेताओं ने भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



