रेवंत सरकार की कथनी व करनी में अंतर साफ दिखाई दे रहा : सुभाष
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्य आधिकारिक प्रवक्ता एन.वी. सुभाष ने तेलुगु न्यूज चैनल के पत्रकारों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में जिस प्रकार का रवैया स्वतंत्र पत्रकारिता पर अंकुश लगाने हेतु अपनाया जा रहा है, वह मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की कथनी व करनी में भारी अंतर स्पष्ट कर रहा है।
भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए एन.वी. सुभाष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने पर वर्ष 2047 तक विकसित भारत का जो लक्ष्य रखा है, उसमें मुख्यमंत्री ने हर मंच पर सहयोग करने का वादा किया है। परंतु जिस प्रकार पत्रकारिता पर हमला किया जा रहा है, यह उचित नहीं है। उन्होंने प्रश्न किया कि जिस चैनल पर पुलिस द्वारा कार्यवाई की गई, उसके भाजपा व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुकूल होने के चलते रेवंत सरकार संभवतः निशाना बना रही है।
यह भी पढ़ें… अधिकारों को कुचल रही सरकार : केटीआर
सुभाष ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्त होते ही हमने लोकतंत्र में जिस संविधान को स्वीकार किया, वह चार स्तंभ विधायिका, कार्यपालि का, न्यायपालिका व पत्रकारिता पर मजबूती से टिके हुए हैं। स्वतंत्र पत्रकारिता का कर्तव्य शेष तीनों स्तंभों के कार्यों पर पैनी नजर रखना होता है। विशेषकर सरकार के अच्छे व बुरे कार्यों को जनता के समक्ष निष्पक्षता के साथ रखना होता है। उसी कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सत्य व निष्पक्ष सूचनाएँ प्रसारित करने वाले तेलुगु न्यूज चैनल के पत्रकारों को गिरफ्तार किए जाने की भाजपा कड़ी निंदा करती है। उन्होंने गिरफ्तार पत्रकारों को तुरंत रिहा करने की माँग की। उन्होंने कहा कि यदि कोई आपत्ति हो तो पहले नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया जाना चाहिए, इस प्रकार पत्रकारों को अपराधी की तरह गिरफ्तार करना निंदनीय है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



