प्रत्याख्यान से ही जीव की होती है आत्म वृद्धि : सुमंगलप्रभाजी
हैदराबाद, जीवन से काम क्रोध लोभ माया राग द्वेष की गंदगी को बाहर नहीं निकलेंगे तो पाप रूपी कीचड़ बढ़ता जाएगा जिसके कारण जीवन निर्जरा की ओर नहीं, पापों की ओर बढे़गा। प्रत्याख्यान से ही जीव की आत्म वृद्धि होती है। उक्त उद्गार सिकंदराबाद स्थित मारुति विधि जैन स्थानक में श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ सिकंदराबाद के तत्वावधान में साध्वी रत्ना डॉ. सुमंगल प्रभाजी म.सा ने दिये।
पूज्यश्री ने कहा कि जिस प्रकार बैंक में न केवल राशि सुरक्षित होती है बल्कि उसका ब्याज भी मिलकर राशि में वृद्धि होती है वैसे ही प्रत्याख्यान करना अर्थात बैंक के अंदर ब्याज की वृद्धि यानी पुण्य की अभिवृद्धि करना है। इससे कर्मों की निर्जरा होती है। पाप करने की अनिच्छा होती है। अव्रत के कारण पाप का बोझ जीवन में रहता है इसलिए भीतर में गंदगी न डालें। जिस प्रकार बाहर गंदगी डालने पर मच्छर व कीटाणु पैदा होते हैं वैसे ही प्रत्याख्यान न करने से जीवन में काम क्रोध लोभ माया राग द्वेष की गंदगी फैलती है।
यह भी पढ़ें… क्रोध का क्षमण कर दुश्मन को गले लगाने का पर्व है संवत्सरी : डॉ. सुमंगलप्रभाजी
चातुर्मास में पैसाठिया जाप और विशेष आयोजन
म.सा. ने कहा कि जीवन में पचखान का छोटा सा नियम ऐसा लो, जो किसी हास्य या विनोद का पात्र न बने। नियम को लेकर जीवन पर्यंत प्रयास करें। धर्म सभा का प्रारंभ पैसाठिया छंद जाप से हुआ। सभा का संचालन करते हुए श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ सिकंदराबाद के महामंत्री सुरेन्द्र कटारिया ने बताया कि 9 घंटे का जाप सुचारू रूप से चल रहा है।
श्री आनंद श्राविका मंडल द्वारा पिछले दस दिनों से सहयोग रहा और आगामी दस दिनों का जाप श्री अंबेश गुरु मेवाड़ महिला मंडल के सहयोग से रहेगा। आज के जाप की प्रभावना महेन्द्र कुमार, निखिल, समिक मुथा परिवार की ओर से प्रदान की गई। सोमवार 1 सितंबर को चातुर्मास के 54वें दिवस को सामूहिक 54 बार पैसाठिया छंद जाप रहेगा जिसमें महिलाओं का चुंदड़ी की साड़ी में आना अनिवार्य है।
धर्म सभा में डेडी बाजार, चेन्नई के अध्यक्ष श्रेणिक राज बोहरा अपने पूरे परिवार के साथ पधारे। श्री संघ की ओर से उनका अभिनंदन किया गया। कार्याध्यक्ष शांतिलाल बोहरा ने बताया कि रविवार 31 अगस्त को कोरा संघ के तत्वावधान में सामूहिक समापना व एक भव अवतारी आचार्य सम्राट 1008 श्री जयमलजी म.सा की जन्म जयंती मनाई जाएगी। श्रद्धेय साध्वी भगवंत कार्यक्रम में सान्निध्य प्रदान करेंगी, अत सिकंदराबाद स्थानक में प्रवचन नहीं रहेगा। अनुराग बोहरा एवं प्रज्ञा बोहरा की सह जोड़े तपस्या के उपलक्ष्य में लाभार्थी किशनलाल, सुरेशचंद, अनुराग बोहरा परिवार की ओर से गौतम प्रसादी का आयोजन किया गया है। श्री संघ की ओर से आभार व्यक्त किया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



