कृष्णा नगर में बाढ़ समस्या के समाधान के लिए उठाये जा रहे कदम

हैदराबाद, हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया एवं संपदा संरक्षण एजेंसी (हैद्रा) आयुक्त ए.वी. रंगनाथ ने कहा कि कई वर्षों से बाढ़ की समस्या का सामना करने वाले कृष्णा नगर क्षेत्र को इस वर्ष राहत दिलाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऊपरी इलाकों से आने वाले भारी बाढ़ के पानी के सुचारु प्रवाह के लिए नालों में गाद निकासी कार्य तेज कर दिया गया है।

स्थानीय विधायक नवीन यादव और जीएचएमसी कमिश्नर आर.वी. कर्णन के साथ हैद्रा आयुक्त रंगनाथ ने कृष्णा नगर में गाद निकासी कार्यों का निरीक्षण किया। लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबे बाढ़ नाले का विस्तृत अध्ययन किया गया। बाद में मीडिया से बातचीत करते हुए रंगनाथ ने कहा कि नालों की सफाई और गाद निकासी कार्यों में जीएचएमसी के साथ हैद्रा की टीम भी साझेदारी कर रही है।

उन्होंने बताया कि ऊपरी क्षेत्रों जैसे जुबली हिल्स और वेंकटगिरी से आने वाले बाढ़ के पानी के साथ मिट्टी भी नालों में जमा हो रही है, जिससे यह समस्या उत्पन्न हो रही है। स्थानीय विधायक वैकल्पिक बाढ़ नाला निर्माण के लिए भी प्रयास कर रहे हैं। हैद्रा आयुक्त ने बताया कि छह से सात फीट तक गाद जमा हो जाने के कारण बाढ़ का पानी नालों को पार कर सड़कों पर भर जाता है। आठ से नौ फीट गहरे नालों में जमा गाद को हटाना कठिन हो गया है।

नालों पर बने मकानों को नोटिस देने की चेतावनी

इसलिए आवश्यक स्थानों पर स्लैब हटाकर पूरी तरह गाद निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ मकान पूरी तरह नालों पर बने हुए पाए गए हैं। उन्हें केवल अत्यंत आवश्यक स्थिति में ही हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले नोटिस जारी कर पर्याप्त समय भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 में व्यापक स्तर पर गाद निकासी हुई थी, लेकिन उसके बाद उस स्तर का कार्य नहीं हुआ।

पिछले वर्ष बरसात के दौरान हैद्रा टीमों ने काफी हद तक गाद हटाई थी, लेकिन पूरी तरह कार्य संभव नहीं हो पाया। इसी कारण इस बार गर्मियों में ही कार्य शुरू कर मानसून शुरू होने से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। जहाँ स्लैब हटाए जाएंगे, वहां मजबूत ग्रिल लगाकर दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान हैद्रा के अतिरिक्त निदेशक वरला पापैया एवं हैद्रा, जीएचएमसी और जलबोर्ड के अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें… एसआईआर में वोटरों के नाम काटने की कोशिश : रेवंत रेड्डी

हैद्रा हेल्पलाइन नंबर 9000113667

हैद्रा आयुक्त ने जनसामान्य से अनुरोध किया है कि यदि कहीं अवैध रूप से उत्खनन गतिविधियाँ चल रही हैं तो इसकी जानकारी हैद्रा हेल्पलाइन नंबर 9000113667 दी जाए। उन्होंने कहा कि आउटर रिंग रोड के आस-पास एक किलोमीटर के दायरे में यदि कोई आरएमसी प्लांट या क्रशर संचालित हो रहा हो, तो तुरंत सूचना दें। वर्तमान लोकेशन और वहां की तस्वीरें व्हाट्सऐप के माध्यम से साझा करने पर संबंधित इकाइयों की अनुमति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button