गणेशोत्सव में मुखर होगा स्वदेशी व राष्ट्रवाद : शशिधर

हैदराबाद, भाग्यनगर गणेश उत्सव समिति के तत्वावधान में 46वें श्री गणेश उत्सव का आयोजन आगामी 27 अगस्त से 6 सितंबर तक किया जाएगा। उत्सव को इस बार स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, सामाजिक समरसता, सास्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति जागरूकता के तौर पर मनाया जाएगा। लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की जयंती पर सिद्दिअंबर बाजार स्थित बाहेती भवन में समिति के कार्यालय का अध्यक्ष जी. राघवरेड्डी पुल्लारेड्डी ने भगवान गणेश का विधिवत पूजन करके प्रारंभ किया।
विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय अधिकारिक प्रवक्ता व गणेश उत्सव समिति के सचिव डॉ. रावीनूतला शशिधर ने कहा कि श्रीगणेश उत्सव के दौरान करीब 5 हजार करोड़ रुपये का टर्नवर होता है। इससे भारतीय पेशेवरों को लाभ हो, इसके प्रति जागरूकता लाई जाएगी। उत्सव के तहत स्वदेशी जागरण मंच के माध्यमों से स्वदेशी व विदेशी उत्पादों की सूची वितरित कर जनता को भारतीय स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
गणेश उत्सव में संगठन, धर्मरक्षा और स्वदेशी पर जोर
पुल्लारेड्डी ने कहा कि इस बार लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती, जनसंघ के संस्थापक श्यामाप्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती तथा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शताब्दी उत्सव के तौर पर हर गणेश मंडप पर संगठन की एकता, सामाजिक समरसता, राष्ट्रवाद आदि को लेकर जागरूकता लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले 46 सालों से कई अड़चनों के बावजूद श्रीगणेश उत्सव भव्यता के साथ निर्विघ्न मनाया जा रहा है। इस बार भी उत्सव को भव्यता के साथ मनाया जाएगा।
समिति के सलाहकार एम. रामाराजू ने चिंता जताते हुए कहा कि 4 दशक पहले जिस उद्देश्य से सामूहिक रूप से श्रीगणेश उत्सव मनाने का विचार किया गया था, उसको भुला दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस वातावरण में गणेश उत्सव का प्रारंभ हुआ था, उस समय सनातनियों पर हमले हुआ करते थे। अब सभी को विचार करना होगा कि क्या वह सब रुक गए हैं। उन्होंने कहा कि 11 दिनों तक श्रीगणेश मंडपों पर धर्म रक्षा, कीर्तन, संगठन शक्ति के प्रति समाज को जागरूक किया जाना आवश्यक है।
पुल्लारेड्डी ने कहा कि विधर्मियों, द्रोहियों को किसी प्रकार का आर्थिक सहयोग न मिले, इसका ध्यान रखना होगा। यही आर्थिक सहयोग सनातन धर्म पर हमलों के लिए की जाती है। उन्होंने कहा कि हलाल प्रमाणित वस्तुओं से कमाया धन आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने वालों के पास पहुँचता है। इसलिए गणेश उत्सव के 11 दिनों तक हर मंडप पर धर्मरक्षा, संगठन, विदेशी उत्पादों के स्थान पर स्वदेशी उपयोग के प्रति जागरूकता लाई जाए।
राष्ट्रीय एकता और संगठन शक्ति पर बल
भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आले भास्कर राज ने गणेश मंडपों के पास राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शताब्दी उत्सव को ध्यान में रखते हुए आरएसएस के संस्थापक डॉ. हेडगेवार के विचारों, राष्ट्रीय एकता को फैलाने पर जोर देने का आह्वान किया। उन्होंने कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा नाम पूछकर हत्याएँ किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएँ विशेषकर भाग्यनगर में न हों, इसके लिए सभी को संगठित करने का आह्वान किया।
समिति के सलाहकार करोड़ीमल नरसिंगपुरिया ने वर्ष 1980 के समय भाग्यनगर गणेश उत्सव समिति की स्थापना से लेकर साढ़े चार दशकों तक किए गए कार्यों तथा उनके परिणामों का उल्लेख कर सभी से भविष्य में संगठन शक्ति को महत्व देने, देश और धर्म के प्रति निष्ठा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
अवसर पर समिति के सचिव कावडी महेंदर, कोषाध्यक्ष राम व्यास, भाजपा नेता गोविंद राठी, विहिप के राष्ट्रीय कार्यकर्ता आकरपू केशवराजू, स्वदेशी जागरण मंच तेलंगाना प्रचार प्रमुख केशव सोनी, नारायण सारड़ा, मनीष व्यास, बद्दम महिपाल रेड्डी, भाजपा की वरिष्ठ नेता अरुणा ज्योति, भाजपा नेता संजय घनाटे, पवन मिश्रा, भाजपा नेता अविनाश देवड़ा, भाजपा दलित मोर्चा नेता एम. चंद्रशेखर, भाजपा नेता नवीन, भाजपा गोलकोंडा जिला अध्यक्ष टी. उमा महेंदर, भाजपा नेता पैरासानी वेंकटेश, छत्रपति शिवाजी मराठा नवयुवक मंडल के नगर महासचिव पवन शिंदे व अन्य उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



