तेलंगाना भाजपा का 7 दिसंबर को कांग्रेस सरकार के खिलाफ महाधरना
हैदराबाद, तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कांग्रेस सरकार के खिलाफ सात दिसंबर को ‘महाधरना’ आयोजित करेगी। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस सरकार चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रही है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में कांग्रेस सात दिसंबर को अपने कार्यकाल का दूसरा वर्ष पूरा कर रही है। तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष एन रामचंद्र राव ने बृहस्पतिवार को इंदिरा पार्क स्थित धरना चौक का दौरा किया और विरोध प्रदर्शन स्थल का निरीक्षण किया।
कांग्रेस सरकार अपनी छह चुनावी गारंटियों और 66 वादों को पूरा न करके लोगों को धोखा दे रही है उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में ‘महा धरने’ में शामिल होने की अपील की। भाजपा कांग्रेस सरकार के हालिया फैसलों का भी विरोध कर रही है, जिसमें हैदराबाद औद्योगिक भूमि परिवर्तन नीति (एचआईएलटीपी) और शहर के आउटर रिंग रोड (ओआरआर) के पास 27 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) को शहर के नागरिक निकाय में विलय करके ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) का विस्तार शामिल है। भाजपा ने एक दिसंबर को राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को एक ज्ञापन सौंपकर उनसे कांग्रेस सरकार द्वारा हाल ही में शुरू की गई एचआईएलटीपी के कार्यान्वयन को तुरंत रोकने का आग्रह किया।
भाजपा नेताओं ने जनता से बड़े स्तर पर भागीदारी की अपील की
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि एचआईएलटीपी राज्य सरकार द्वारा ‘नीतिगत सुधार की आड़ में हैदराबाद में 9,292.53 एकड़ बेहद कीमती जमीन को राजनेता-रियल एस्टेट एजेंट गठजोड़ को सौंपने का एक प्रयास है।’ आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए तेलंगाना के आईटी और उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने कहा कि यह नीति पट्टे पर दी गई सरकारी जमीनों को प्रभावित नहीं करती है और केवल उद्योगपतियों के स्वामित्व वाली जमीनों पर रूपांतरण शुल्क लगाती है। मंत्री ने कहा, ‘इस नीति के तहत भूमि स्वामित्व हस्तांतरण या सरकारी भूमि को फ्रीहोल्ड करने की कोई बात नहीं है।’ (भाषा )
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



