तेलंगाना सिविल सप्लाई विभाग : 126% बढ़ाई गई पेट्रोलियम आपूर्ति

हैदराबाद, तेलंगाना सिविल सप्लाई विभाग ने आज दावा किया कि राज्य में पेट्रोलियम आपूर्ति को 126 प्रतिशत तक आक्रामक रूप से बढ़ा दिया गया है। यह त्वरित और निर्णायक कदम उन स्थानीय पेट्रोल पंपों को स्थिर करने के लिए उठाया गया, जो अचानक और असामान्य रूप से बढ़ी माँग के कारण दबाव में हैं।
नागरिक आपूर्ति सूत्रों के अनुसार, हाल ही में कीमत संशोधन के बाद औद्योगिक डीजल की कीमत 150 रुपये प्रति लीटर होने से बड़े वाणिज्यिक खरीददार इस व्यवस्था का फायदा उठाते हुए सामान्य सार्वजनिक पेट्रोल पंपों से ईंधन भरवा रहे हैं, जहाँ कीमत अभी भी 95 रुपये प्रति लीटर पर सीमित है। दूसरा कारण है कि पड़ोसी राज्यों आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में आपूर्ति संबंधी समस्याओं के कारण सीमा-पार आवाजाही बढ़ी है, जिससे बाहर के खरीददार खम्मम और निर्मल जैसे तेलंगाना के सीमावर्ती जिलों में ईंधन खरीदने के लिए आ रहे हैं।
चुनाव के बाद संभावित मूल्य वृद्धि को लेकर फैली झूठी अफवाहों के कारण भी आम जनता घबराकर जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदकर जमा कर रही है, जिससे स्थानीय भंडार तेजी से कम हो रहे हैं। सिविल सप्लाई आयुक्त एम. स्टीफन रवींद्रा ने ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को आपात आदेश जारी कर बाजार में बड़े पैमाने पर ईंधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। आपूर्ति श्रृंखला को अग्रिम रूप से मजबूत करने के लिए डीलरों से अग्रिम माँग ली जा रही है और पूरे राज्य में 3,100 ईंधन टैंकर तैनात किए गए हैं, यह सुनिश्चित करने के लिए कि यह स्टॉक पेट्रोल पंपों तक उनके खाली होने से पहले पहुँच जाएँ, विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें… बीआरएस स्थापना दिवस पर केटीआर ने किया ध्वजारोहण
किसानों को निर्बाध ईंधन आपूर्ति के सख्त निर्देश
सभी रिटेल आउटलेट्स से हर 3 घंटे में जमीनी स्तर की स्टॉक रिपोर्ट अनिवार्य की गई है। स्थिति की रोजाना टेलीकॉन्फ्रेंस के जरिए समीक्षा की जा रही है। साथ ही यह भी सख्त निर्देश दिए गए कि किसानों को ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि कटाई और धान खरीद जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियाँ प्रभावित न हों। सूत्रों के अनुसार, बड़े पैमाने पर बढ़ाई गई आपूर्ति के परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं।
27 अप्रैल तक राज्य में दैनिक डीजल वितरण 151 प्रतिशत बढ़कर औसतन 7,348 किलोलीटर से 18,449 किलोलीटर हो गया। इसी तरह पेट्रोल वितरण भी लगभग दोगुना होकर 95 प्रतिशथ बढ़ते हुए 5,883 किलोलीटर से 11,490 किलोलीटर तक पहुँच गया है। राजधानी हैदराबाद में किसी भी संभावित कमी से बचने के लिए ईंधन आपूर्ति को विशेष रूप से मजबूत किया गया है, जहाँ कुल आपूर्ति में 43 प्रतिशत की वृद्धि की गई है।
विशेष रूप से शहर में डीजल स्टॉक 46 प्रतिशत बढ़ाकर 3,393 किलोलीटर से 4,957 किलोलीटर किया गया। इसी तरह पेट्रोल स्टॉक 40 प्रतिशत बढ़ाकर 3,908 किलोलीटर से 5,466 किलोलीटर किया गया है। नागरिक आपूर्ति विभाग ने जनता को आश्वस्त किया कि तेलंगाना में ईंधन की कोई कमी नहीं है। नागरिकों से अपील की गई कि वह बेबुनियाद अफवाहों को नजरअंदाज करें और सामान्य तरीके से ही ईंधन खरीदें, क्योंकि पेट्रोल पंपों पर सभी सार्वजनिक और कृषि आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहेगा।
पेट्रोल पंपों पर देखी गयी लंबी कतारें
शहर के पेट्रोल पंपों पर आज भी लंबी कतारें देखी गयीं। हालाँकि गत सोमवार की तुलना में भीड़ कुछ कम थी, फिर भी उपभोक्ताओं को अपने वाहनों में ईंधन भरवाने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। हालाँकि सरकार ने जो कारण गिनवाए हैं, उसके अलावा छोटे पेट्रोल पंपों की स्थिति के बारे में बताया जा रहा है कि उधार की नीति में आये बदलाव के चलते उन्हें उचित समय पर पेट्रोल नहीं मिल पा रहा है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



