प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर जिलाधीश ने की समीक्षा
हैदराबाद, हैदराबाद जिला कलेक्टर डॉ. प्रियंका अला ने प्रधानमंत्री के हैदराबाद दौरे की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने 10 मई को प्रस्तावित प्रधानमंत्री दौरे के मद्देनजर सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ पुख्ता इंतजाम करने और कार्यक्रम को सफल बनाने के कड़े निर्देश दिए।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस बैठक के दौरान डॉ. प्रियंका अला ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, वीआईपी वाहनों की अनुमति और पार्किंग प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने सभा स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, सड़कों की मरम्मत, बैरिकेडिंग तथा मंच निर्माण आदि जैसे कार्य को समय पर पूरा करने के साथ कार्यक्रम के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए साउंडप्रूफ जनरेटर की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।
प्रभावी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर बल देते हुए उन्होंने चिकित्सा विभाग को सभा स्थल पर मेडिकल कैंप लगाने तथा एम्बुलेंस तैनात रखने के निर्देश दिए। डॉ. प्रियंका ने गांधी अस्पताल के साथ यशोदा, किम्स तथा निम्स जैसे प्रमुख अस्पतालों में बिस्तर आरक्षित रखने, चिकित्सकों की टीम तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कलेक्टर ने बैठक के दौरान हर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। बेगमपेट हवाई अड्डे और सभा स्थल पर निरंतर स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
यह भी पढ़ें… स्वस्थ शहर के निर्माण में सामुदायिक भागीदारी जरूरी
अवसर पर संबंधित अधिकारियों ने कानून व्यवस्था, हेलीपैड, काफिले तथा मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था आदि के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। बैठक में आर एंड बी, जीएचएमसी, पुलिस, यातायात, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, छावनी बोर्ड, बागवानी, सूचना विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



